गोरखपुर के वनटांगिया गांव में CM योगी मनाएंगे दिवाली, 82 करोड़ की 52 विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात
गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को गोरखपुर के वनटांगिया गांव जंगल तिकोनिया नंबर तीन में ग्रामीणों के साथ दिवाली मनाएंगे। मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे गांव पहुंचेंगे। इस दौरान वह ग्रामीणों से मुलाकात करेंगे और एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। सीएम के आगमन को लेकर गांव में तैयारियां जोरों पर हैं। ग्रामीण अपने घरों की साफ-सफाई, रंगाई-पुताई और सजावट में जुटे हैं।
इस बार वनटांगिया गांव के लोगों की दिवाली खास होने वाली है। मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान करीब 82.41 करोड़ रुपये की 52 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इन योजनाओं से गांवों में सड़क, बाजार और पर्यटन सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया जाएगा।
वनटांगिया गांव को मिलेगी बेहतर सड़क की सौगात
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में रजही चौराहे से जंगल तिकोनिया नंबर तीन होते हुए पिपराइच मार्ग तक इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण भी शामिल है। करीब 3.65 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क से वनटांगिया गांव के लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। साथ ही गांव का संपर्क मार्ग भी पहले से बेहतर होगा।
52 परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण और शिलान्यास
मुख्यमंत्री कुल 52 विकास कार्यों की सौगात देंगे। इनमें 77 करोड़ 97 लाख 50 हजार रुपये की लागत वाली 26 परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। वहीं, 4 करोड़ 43 लाख 79 हजार रुपये की लागत से पूरी हुई 26 परियोजनाओं का लोकार्पण होगा।
इन विकास कार्यों में मुख्य रूप से ग्रामीण सड़कों, बाजारों और आम लोगों की जरूरत से जुड़ी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर ध्यान दिया गया है।
कुसम्ही जंगल में विकसित होगा ईको पार्क
गोरखपुर के कुसम्ही जंगल को पर्यटन के लिहाज से विकसित करने की दिशा में भी कदम उठाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ईको पार्क परियोजना का शिलान्यास करेंगे। इस पर करीब 4 करोड़ 84 लाख 81 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।
परियोजना के तहत स्विस कॉटेज समेत पर्यटकों के लिए कई सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे कुसम्ही जंगल में पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। साथ ही स्थानीय लोगों को भी रोजगार के नए अवसर मिल सकते हैं।
पिपराइच में बनेगा वैश्विक नगर बाजार
मुख्यमंत्री पिपराइच नगर पंचायत में वैश्विक नगर बाजार परियोजना की भी शुरुआत करेंगे। करीब 1 करोड़ 91 लाख 51 हजार रुपये की लागत से बनने वाले इस बाजार से स्थानीय लोगों को खरीदारी के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
इसके साथ ही छोटे दुकानदारों और व्यापारियों को भी अपना कारोबार बढ़ाने का अवसर मिलेगा। माना जा रहा है कि इस परियोजना से क्षेत्र की आर्थिक और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
गोरखनाथ मंदिर में 'एक दीया शहीदों के नाम' कार्यक्रम
वनटांगिया गांव में दिवाली मनाने के बाद मुख्यमंत्री सोमवार शाम गोरखनाथ मंदिर पहुंचेंगे। यहां भीम सरोवर में आयोजित 'एक दीया शहीदों के नाम' कार्यक्रम में शामिल होकर देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गांव से लेकर कार्यक्रम स्थल तक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस बार वनटांगिया गांव में दिवाली का उत्साह विकास परियोजनाओं की सौगात के साथ देखने को मिलेगा।