28 August 2026 Eclipse: आज सूर्य ग्रहण है या चंद्र ग्रहण? जानिए राखी पर पड़ेगा इसका असर या नहीं
28 August 2026 Eclipse: शुक्रवार को रक्षाबंधन के साथ ग्रहण भी लग रहा है। ऐसे में लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल है कि आज सूर्य ग्रहण है या चंद्र ग्रहण? क्या इस ग्रहण का असर रक्षाबंधन के त्योहार पर पड़ेगा और क्या राखी बांधने के शुभ मुहूर्त में कोई बदलाव होगा? आइए जानते हैं 28 अगस्त के ग्रहण से जुड़ी सभी जरूरी बातें।
28 अगस्त 2026 को सूर्य ग्रहण है या चंद्र ग्रहण?
28 अगस्त 2026 को चंद्र ग्रहण लग रहा है, सूर्य ग्रहण नहीं। इस चंद्र ग्रहण की शुरुआत सुबह 8 बजकर 4 मिनट पर होगी और यह 11 बजकर 21 मिनट पर समाप्त होगा।
हालांकि, भारत में यह चंद्र ग्रहण दिखाई नहीं देगा। इसकी वजह यह है कि ग्रहण के समय भारत में दिन रहेगा और यहां से ग्रहण को देखा नहीं जा सकेगा।
क्या रक्षाबंधन पर पड़ेगा चंद्र ग्रहण का असर?
चंद्र ग्रहण और रक्षाबंधन एक ही दिन पड़ने की वजह से लोगों के बीच इसे लेकर काफी कन्फ्यूजन है। हालांकि, धार्मिक मान्यताओं के अनुसार किसी स्थान पर ग्रहण का प्रभाव तभी माना जाता है, जब वहां ग्रहण दिखाई देता हो।
चूंकि 28 अगस्त का चंद्र ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा, इसलिए इसका रक्षाबंधन के त्योहार पर कोई प्रभाव नहीं माना जा रहा है। यानी बहनें सामान्य रूप से रक्षाबंधन का त्योहार मना सकती हैं।
क्या ग्रहण के कारण राखी बांधने का मुहूर्त बदलेगा?
नहीं। 28 अगस्त को पड़ रहे चंद्र ग्रहण की वजह से राखी बांधने के शुभ मुहूर्त में कोई बदलाव नहीं होगा। बहनें निर्धारित शुभ समय में अपने भाई की कलाई पर राखी बांध सकती हैं।
रक्षाबंधन के दिन राखी बांधने का सबसे शुभ मुहूर्त सुबह 5 बजकर 57 मिनट से 9 बजकर 48 मिनट तक बताया गया है। इसलिए ग्रहण को लेकर राखी बांधने के समय में किसी तरह के बदलाव को लेकर परेशान होने की जरूरत नहीं है।
भारत में क्यों नहीं दिखाई देगा चंद्र ग्रहण?
28 अगस्त 2026 का चंद्र ग्रहण भारत से दिखाई नहीं देगा। यह ग्रहण उत्तर अमेरिका, यूरोप, दक्षिण अमेरिका और अफ्रीका के अधिकांश हिस्सों में दिखाई देगा।
इसके अलावा प्रशांत महासागर के पूर्वी हिस्सों और अटलांटिक महासागर में भी ग्रहण देखा जा सकेगा। वहीं, भारत, नेपाल, जापान, श्रीलंका, बांग्लादेश, चीन और एशिया के अधिकांश हिस्सों से यह चंद्र ग्रहण दिखाई नहीं देगा।
चंद्र ग्रहण के दौरान क्या नहीं करना चाहिए?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार चंद्र ग्रहण के दौरान कुछ कार्यों को करने से बचने की सलाह दी जाती है। मान्यताओं में कहा गया है कि ग्रहण के दौरान खाना नहीं खाना चाहिए और भोजन पकाने से भी बचना चाहिए।
इसके अलावा ग्रहण के समय सोने से बचने की भी मान्यता है। गर्भवती महिलाओं को भी ग्रहण के दौरान घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी जाती है।
डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई ग्रहण से जुड़ी धार्मिक जानकारियां और क्या करें-क्या न करें संबंधी बातें धार्मिक आस्था एवं लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इनका कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है।