काशी में आज निकलेगी 5 किमी भव्य गोवर्धन शोभायात्रा : सजेंगी तीन राज्यों की झांकियां, देवों के दर्शन और शौर्य प्रदर्शन की दिखेगी झलक
Varanasi : धर्म की नगरी काशी आज गोवर्धन पूजा के अवसर पर आस्था और परंपरा के रंग में रंगी नजर आएगी। इस अवसर पर जहां मंदिरों में आकर्षक झांकियाँ सजाई जाएंगी, वहीं गोवर्धन पूजा समिति की ओर से एक भव्य प्राचीन शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा न केवल धार्मिक भावनाओं का प्रतीक होगी, बल्कि इसमें देशभक्ति और सांस्कृतिक विविधता की झलक भी देखने को मिलेगी।
तीन राज्यों के कलाकार दिखाएंगे आस्था और शौर्य की झलक
गोवर्धन पूजा समिति के अनुसार, इस वर्ष की शोभायात्रा में उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और हरियाणा के कलाकार भाग लेंगे। वे देवताओं के स्वरूपों और भारत की वीर गाथाओं को दर्शाने वाली झांकियाँ प्रस्तुत करेंगे। इस बार की विशेष झांकी भारत-चीन सीमा पर स्थित “रेंजागला के अहिरधाम” स्थल पर आधारित होगी, जो सभी का ध्यान आकर्षित करेगी।
कार्यक्रम का उद्घाटन और समापन
शोभायात्रा का शुभारंभ जौनपुर की मल्हनी विधानसभा के विधायक लक्की यादव और दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ के उपाध्यक्ष राहुल झांसला द्वारा किया जाएगा। समापन समारोह में राज्य मंत्री गिरीशचंद्र यादव और सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव बतौर मुख्य अतिथि नमो घाट पर उपस्थित रहेंगे।
देव स्वरूपों से सजेगा काशी का वातावरण
इस शोभायात्रा में भगवान गोवर्धन की प्रतिमा के साथ-साथ राधा-कृष्ण, भगवान शिव, हनुमान जी, मां काली, मां दुर्गा और श्रीराम दरबार सहित कई देवी-देवताओं के अलौकिक स्वरूप सजाए जाएंगे। कुल 10 सजे-धजे घोड़े इस यात्रा की भव्यता को और बढ़ाएंगे।
5 किलोमीटर लंबी शोभायात्रा में पुष्पवर्षा और स्वागत का सिलसिला
गोवर्धन पूजा समिति के अध्यक्ष विनोद यादव गप्पू ने बताया कि वर्ष 1973 से चली आ रही यह पारंपरिक शोभायात्रा इस बार भी हथुआ मार्केट से सुबह शुरू होगी। यह यात्रा अपने पारंपरिक मार्ग लहुराबीर, पिपलानी कटरा, लोहटिया, मैदागिन, विशेश्वरगंज, मच्छोदरी और मुकीमगंज से गुजरते हुए लगभग 5 किलोमीटर का सफर तय कर शाम तक नमो घाट स्थित गोवर्धन धाम पहुंचेगी। रास्ते भर जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा शोभायात्रा का स्वागत किया जाएगा और पुष्पवर्षा से भक्तिभाव का माहौल बनेगा।
नमो घाट पर सांस्कृतिक संध्या और सम्मान समारोह
यात्रा के समापन पर नमो घाट पर विशेष सम्मान समारोह और सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर मंत्री गिरीशचंद्र यादव और शिवपाल यादव सहित अन्य विशिष्ट अतिथि भी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में विभिन्न वक्ता गोवर्धन पूजा की आध्यात्मिक और सामाजिक महत्ता पर अपने विचार रखेंगे।