{"vars":{"id": "130921:5012"}}

काशी विश्वनाथ धाम में धूमधाम से मना अक्षयवट हनुमान का जन्मोत्सव, 51 किलो लड्डू का लगा भोग

 

वाराणसी। धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में हनुमान जन्मोत्सव का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में विराजमान अक्षयवट हनुमान के जन्मोत्सव पर विशेष पूजा-अर्चना और भव्य शृंगार किया गया। इस दौरान बजरंगबली को 51 किलो लड्डू सहित विभिन्न प्रकार के मिष्ठान और फलों का भोग लगाया गया। सुबह से ही दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी।

जन्मोत्सव के अवसर पर शनिवार की मध्यरात्रि नरक चतुर्दशी और अमावस्या के संधिकाल में बजरंगबली का विशेष पूजन किया गया। सबसे पहले हनुमत लला को पंचामृत स्नान कराया गया। इसके बाद तेल और सिंदूर का लेपन कर उन्हें नए वस्त्र धारण कराए गए।

बाबा का शृंगार बेला, तुलसी, गेंदा, कुंद समेत विभिन्न सुगंधित फूलों की मालाओं से किया गया। फूलों से सजे बजरंगबली का दिव्य स्वरूप भक्तों के आकर्षण का केंद्र रहा। इसके बाद बाबा को 51 किलो लड्डू के साथ कई तरह के मिष्ठान और फल अर्पित किए गए।

रविवार की भोर में भव्य शृंगार के बाद महंत रमेश गिरी ने बाबा की महाआरती की। आरती के बाद भक्तों के दर्शन के लिए मंदिर के कपाट खोल दिए गए। बाबा के दर्शन और प्रसाद पाने के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर सतीश गिरी और अंकित मिश्रा ने भक्तों के बीच प्रसाद वितरित किया। आयोजन में महंत बच्चा पाठक, महंत नील कुमार मिश्रा, राजू पाठक, वेद, अभय और कान्हा का विशेष सहयोग रहा।

हनुमान जन्मोत्सव पर पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में नजर आया। श्रद्धालुओं ने बजरंगबली के दर्शन कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।