बिहार उपचुनाव 2026: बांकीपुर से चुनाव लड़ेंगे प्रशांत किशोर, जन सुराज ने किया उम्मीदवार घोषित
Patna : बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए जन सुराज ने अपने राष्ट्रीय संयोजक प्रशांत किशोर को उम्मीदवार घोषित किया है। पार्टी अध्यक्ष मनोज भारती ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी घोषणा करते हुए बताया कि कोर कमेटी की बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया।
चुनाव लड़ने की जिम्मेदारी स्वीकार की
उम्मीदवार घोषित होने के बाद प्रशांत किशोर ने पार्टी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह पूरी मजबूती के साथ बांकीपुर से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि यदि जनता का आशीर्वाद मिला तो विधानसभा में क्षेत्र की आवाज को मजबूती से उठाने का प्रयास करेंगे।
प्रशांत किशोर ने कहा कि यह उपचुनाव बिहार की मौजूदा सरकार की परीक्षा है। जनता क्या फैसला करती है, यह देखने वाली बात होगी। मैं बांकीपुर की जनता से अपील करता हूं कि वे ऐसे उम्मीदवार को वोट दें जो काम करने वाला हो। इस उपचुनाव से सरकार भले न बदले, लेकिन बिहार की राजनीति को नई दिशा मिल सकती है।
बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।
नितिन नवीन के राज्यसभा जाने से खाली हुई सीट
बांकीपुर विधानसभा सीट लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी का गढ़ रही है। इस सीट से भाजपा के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन विधायक रहे हैं। उनके राज्यसभा सदस्य बनने के बाद यह सीट रिक्त हो गई, जिसके चलते उपचुनाव कराया जा रहा है।
पिछले विधानसभा चुनाव में नहीं लड़ा था चुनाव
गौरतलब है कि पिछले बिहार विधानसभा चुनाव में प्रशांत किशोर ने स्वयं चुनाव नहीं लड़ने का निर्णय लिया था और पार्टी के संगठन को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित किया था। हालांकि उस चुनाव में जन सुराज को कोई सीट नहीं मिली थी और पार्टी का मत प्रतिशत लगभग 4 प्रतिशत के आसपास रहा था। अब बांकीपुर उपचुनाव के जरिए प्रशांत किशोर पहली बार सीधे चुनावी मैदान में उतरेंगे।