{"vars":{"id": "130921:5012"}}

JPNIC को लेकर CM योगी का सपा पर हमला, बोले- ‘भ्रष्टाचार का जीवंत स्मारक’, जनता के पैसे पर डकैती...

 

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ में जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (जेपीएनआईसी) को लेकर समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के साथ वीरांगना अवंतीबाई लोधी की भव्य अश्वारोही प्रतिमा का लोकार्पण करने के बाद आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी ने कहा कि जेपीएनआईसी सपा सरकार के कथित भ्रष्टाचार का “जीवंत स्मारक” है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले जयप्रकाश नारायण के नाम पर बने इस केंद्र की स्थिति उनके नाम का सम्मान करने के बजाय अपमान जैसी है।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि जेपीएनआईसी परियोजना की शुरुआती लागत करीब 200 करोड़ रुपये थी, लेकिन 864 करोड़ रुपये खर्च होने के बाद भी यह अधूरी रही। उन्होंने कहा कि जिस परियोजना को 18 महीने में पूरा होना था, वह लंबे समय तक पूरी नहीं हो सकी। सीएम के मुताबिक, सरकार ने जेपीएनआईसी के संचालन से जुड़ी पुरानी कमेटी को भंग कर सेंटर को अपने नियंत्रण में लिया है। अब इसे लखनऊ विकास प्राधिकरण के मार्गदर्शन में संचालित करने की योजना है। उन्होंने कहा कि परियोजना पर खर्च हुई धनराशि की वसूली के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।


‘जनता के पैसे पर डकैती की छूट नहीं’

सीएम योगी ने कहा कि जेपीएनआईसी पर खर्च हुआ पैसा किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता का है। उन्होंने कहा कि जनता के पैसे के दुरुपयोग की अनुमति किसी को नहीं दी जा सकती। मुख्यमंत्री ने इस दौरान सपा की पिछली सरकार पर कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के शासन में दंगे और कर्फ्यू आम बात थे और सरकारी जमीनों पर कब्जे की शिकायतें सामने आती थीं।


‘जाति के नाम पर समाज को बांट रही सपा’

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर जातीय राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि समाज को बांटने की राजनीति से किसी का भला नहीं हो सकता। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि देश और समाज को आगे बढ़ाने के लिए एकजुट रहना जरूरी है। इसी संदर्भ में उन्होंने कहा, “हम बटेंगे नहीं, तो कटेंगे भी नहीं।”


अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा का लोकार्पण

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने वीरांगना अवंतीबाई लोधी की भव्य प्रतिमा का लोकार्पण किया और उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। सीएम योगी ने कहा कि अवंतीबाई लोधी का जीवन साहस, शौर्य और नारी शक्ति की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में वीरांगना ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष का नेतृत्व किया और उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों को देश और समाज के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा देता है।


महिलाओं के लिए तीन पीएसी बटालियन

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं को सुरक्षा और नेतृत्व के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। इसी क्रम में वीरांगना ऊदा देवी, झलकारी बाई और अवंतीबाई लोधी के नाम पर तीन महिला पीएसी बटालियन गठित की गई हैं। इनमें एक लखनऊ और दूसरी गोरखपुर में है, जबकि तीसरी बटालियन बदायूं में निर्माण के अंतिम चरण में है।

उन्होंने मिशन शक्ति का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि स्नातक अंतिम वर्ष की 50 हजार छात्राओं को रानी लक्ष्मीबाई के नाम पर स्कूटी देने की योजना है।


60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा

सीएम योगी ने बताया कि 27, 28 और 29 अगस्त को महिलाओं के लिए परिवहन निगम और सिटी बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई। इसके अलावा अब 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा शुरू की गई है।


महापुरुषों के सम्मान पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि वीरांगना अवंतीबाई लोधी से लेकर पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह और अमर शहीद गुलाब सिंह लोधी तक, प्रदेश में महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृतियों को सम्मान देने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों तक इन महापुरुषों के आदर्श और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान की जानकारी पहुंचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल सहित भाजपा पदाधिकारी, विधायक, लोधी महासभा के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।