देव दीपावली पर किन देवी-देवताओं की पूजा से मिलेगा आशीर्वाद? कार्तिक पूर्णिमा पर जरूर करें आराधना
देव दीपावली 2026 का पर्व 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के दिन मनाया जाएगा। इस शुभ अवसर पर भगवान गणेश, विष्णु, माता लक्ष्मी, तुलसी, भगवान शिव और राधा-कृष्ण की पूजा का विशेष महत्व बताया गया है। जानिए देव दीपावली पर किन देवी-देवताओं की आराधना करना शुभ माना जाता है।
कार्तिक पूर्णिमा का दिन सनातन धर्म में पूजा-पाठ, स्नान, दीपदान और दान-पुण्य के लिए विशेष महत्व रखता है। इस साल कार्तिक पूर्णिमा 24 नवंबर 2026 को मनाई जाएगी। इसी दिन देव दीपावली का पर्व भी मनाया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा की रात देवता धरती पर आकर दीपावली मनाते हैं। इस शुभ अवसर पर गंगा स्नान, घाटों पर दीपदान और पूजा-अर्चना के साथ कुछ देवी-देवताओं की आराधना विशेष फलदायी मानी जाती है।
भगवान गणेश की पूजा
देव दीपावली के दिन भगवान गणेश की पूजा करना शुभ माना जाता है। भगवान गणेश को प्रथम पूज्य और विघ्नहर्ता कहा जाता है। धार्मिक मान्यता है कि उनकी आराधना से जीवन में आने वाली बाधाएं दूर होती हैं और भक्तों को सुख-समृद्धि प्राप्त होती है। किसी भी शुभ कार्य की शुरुआत गणेश पूजन से करने का विधान है।
भगवान विष्णु की आराधना
कार्तिक मास भगवान विष्णु को समर्पित माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी महीने भगवान विष्णु योगनिद्रा से जागते हैं। कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान विष्णु के मत्स्य अवतार से जुड़ी मान्यता भी प्रचलित है। देव दीपावली के अवसर पर श्रीहरि की पूजा करने के साथ सत्यनारायण कथा का आयोजन करना भी शुभ माना जाता है। मान्यता है कि इससे घर में सुख-शांति बनी रहती है।
माता लक्ष्मी का पूजन
देव दीपावली पर भगवान विष्णु के साथ माता लक्ष्मी की पूजा का भी विशेष महत्व बताया गया है। माता लक्ष्मी को धन, वैभव और सुख-समृद्धि की देवी माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन लक्ष्मी-नारायण की पूजा करने से घर में सुख-समृद्धि आती है और आर्थिक परेशानियों से मुक्ति की कामना की जाती है।
देवी तुलसी की पूजा
कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली की शाम तुलसी पूजन का भी विधान है। कुछ लोग इस दिन तुलसी विवाह भी संपन्न कराते हैं। धार्मिक मान्यता है कि तुलसी की पूजा करने से घर में सकारात्मकता बनी रहती है और जीवन की बाधाएं दूर होती हैं। कार्तिक मास में तुलसी पूजन का विशेष महत्व माना गया है।
भगवान शिव की आराधना
कार्तिक पूर्णिमा को त्रिपुरी पूर्णिमा भी कहा जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नामक राक्षस का वध कर देवताओं को उसके भय से मुक्त कराया था। इस विजय की खुशी में देवताओं ने दीपोत्सव मनाया था, जिसे देव दीपावली के रूप में मनाने की परंपरा जुड़ी हुई है।
देव दीपावली पर भगवान शिव की पूजा करना विशेष शुभ माना जाता है। मान्यता है कि महादेव की आराधना से भय, शत्रु बाधा और जीवन के कष्टों से मुक्ति मिलती है।
राधा-कृष्ण का पूजन
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर राधा-कृष्ण की पूजा और स्मरण का भी विशेष महत्व बताया गया है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन राधा रानी और भगवान कृष्ण की आराधना करने से परिवार में प्रेम, सद्भाव और सुख-शांति बनी रहती है। भक्त इस दिन राधा-कृष्ण का पूजन कर मानसिक शांति और पारिवारिक सुख की कामना करते हैं।
Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां धार्मिक मान्यताओं और लोक परंपराओं पर आधारित हैं। इनका कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है।