{"vars":{"id": "130921:5012"}}

गोवर्धन पूजा पर गोबर से पर्वत बनाने की क्या है परंपरा? जानें 7 परिक्रमा का धार्मिक महत्व और सही नियम

गोवर्धन पूजा 2026 इस साल 10 नवंबर को मनाई जाएगी। जानिए गोवर्धन पर्वत गाय के गोबर से क्यों बनाया जाता है, सात परिक्रमाओं का धार्मिक महत्व क्या है और परिक्रमा की सही दिशा, मंत्र व जरूरी नियम कौन से हैं। साथ ही पूजा के दिन किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

 

गोवर्धन पूजा का पर्व इस साल 10 नवंबर 2026 को मनाया जाएगा। दीपावली के अगले दिन कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि को मनाए जाने वाले इस त्योहार को अन्नकूट भी कहा जाता है। इस दिन घरों में गाय के गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाई जाती है और विधि-विधान से पूजा की जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस अवसर पर गोवर्धन पर्वत की सात परिक्रमा करने का विशेष महत्व है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि गोवर्धन पर्वत गाय के गोबर से ही क्यों बनाया जाता है और इसकी परिक्रमा किस दिशा में करनी चाहिए?

गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा क्यों की जाती है?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्र देव के प्रकोप से ब्रजवासियों की रक्षा के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी कनिष्ठा अंगुली पर उठा लिया था। बताया जाता है कि भगवान कृष्ण ने लगातार सात दिनों तक ब्रजवासियों को गोवर्धन पर्वत के नीचे आश्रय दिया था।

इसके बाद जब इंद्र देव का अहंकार समाप्त हुआ, तो उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण से क्षमा मांगी। मान्यता है कि इसके बाद भगवान कृष्ण ने ब्रजवासियों को गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा कर उसके प्रति आभार व्यक्त करने के लिए कहा। तभी से गोवर्धन परिक्रमा की परंपरा चली आ रही है।

भगवान श्रीकृष्ण को गाय विशेष प्रिय मानी जाती है। इसी वजह से गोवर्धन पूजा के दिन भक्त गाय के गोबर से पर्वत की आकृति बनाकर उसकी पूजा करते हैं। वहीं, सात परिक्रमाएं करने के पीछे मान्यता है कि भगवान कृष्ण ने सात दिनों तक ब्रजवासियों को गोवर्धन पर्वत के नीचे सुरक्षित रखा था।

धार्मिक मान्यता के अनुसार, गोवर्धन पूजा के दिन पर्वत की परिक्रमा करने से चार धाम की यात्रा के समान पुण्य फल प्राप्त होता है।

गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा किस दिशा में करनी चाहिए?
गोवर्धन पूजा के दिन परिक्रमा करते समय दिशा का विशेष ध्यान रखना चाहिए। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा हमेशा दक्षिणावर्त यानी घड़ी की दिशा (Clockwise) में करनी चाहिए। इस दौरान व्यक्ति का दाहिना हाथ गोवर्धन पर्वत की ओर रहना चाहिए।

परिक्रमा से जुड़े कुछ जरूरी नियम भी बताए गए हैं।
- सात परिक्रमाएं पूरी करें: मान्यता के अनुसार, गोवर्धन पर्वत की सात बार परिक्रमा करनी चाहिए। एक बार परिक्रमा शुरू करने के बाद सातों परिक्रमा पूरी होने तक बीच में नहीं रुकना चाहिए।

- मंत्रों का जाप करें: परिक्रमा के दौरान 'श्री कृष्ण शरणं मम' या 'ॐ नमो भगवते वासुदेवाय' मंत्र का जाप करना चाहिए।

- हाथ में जल या खील-बताशे रखें: परिक्रमा शुरू करते समय हाथ में जल से भरा लोटा या खील-बताशे रख सकते हैं। परिक्रमा के दौरान जल की धारा या खील-बताशे गोवर्धन पर्वत पर अर्पित करते रहना चाहिए।

गोवर्धन पूजा के दिन इन बातों का रखें ध्यान
गोवर्धन पूजा के दौरान कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए। धार्मिक परंपरा के अनुसार, गोवर्धन पर्वत का निर्माण गाय के गोबर से करना चाहिए। पूजा और परिक्रमा पूरी होने के बाद भगवान श्रीकृष्ण और गोवर्धन पर्वत को प्रसाद अर्पित करना चाहिए।

इसके अलावा गोवर्धन पूजा के दिन मांस और मदिरा का सेवन नहीं करना चाहिए। भक्त इस दिन श्रद्धा और नियमों के साथ भगवान श्रीकृष्ण तथा गोवर्धन पर्वत की पूजा-अर्चना करते हैं।

Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां धार्मिक मान्यताओं और लोक परंपराओं पर आधारित हैं। इनकी वैज्ञानिक पुष्टि का दावा नहीं किया गया है।