{"vars":{"id": "130921:5012"}}

Govardhan Puja 2026: क्यों उठाई थी भगवान कृष्ण ने गोवर्धन पर्वत? जानें पूजा की पौराणिक कथा और शुभ मुहूर्त

गोवर्धन पूजा 10 नवंबर 2026 को मनाई जाएगी। जानें भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्रदेव के क्रोध से ब्रजवासियों को बचाने के लिए गोवर्धन पर्वत क्यों उठाया था। यहां पढ़ें गोवर्धन पूजा की पौराणिक कथा, अन्नकूट महोत्सव की शुरुआत और पूजा का शुभ मुहूर्त।

 

Govardhan Puja 2026: गोवर्धन पूजा का पर्व 10 नवंबर 2026 को मनाया जाएगा। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि को मनाए जाने वाले इस त्योहार को अन्नकूट भी कहा जाता है। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण, गोवर्धन पर्वत और गायों की पूजा करने की परंपरा है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, गोवर्धन पूजा की शुरुआत द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण ने की थी। इस पर्व के पीछे इंद्रदेव के क्रोध और श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत उठाकर ब्रजवासियों की रक्षा करने की पौराणिक कथा जुड़ी है।

कैसे हुई गोवर्धन पूजा की शुरुआत?

पौराणिक कथा के अनुसार, द्वापर युग में ब्रज के लोग अच्छी वर्षा और फसल की कामना से हर साल इंद्रदेव की पूजा करते थे। उन्हें प्रसन्न करने के लिए भव्य भेंट और अनाज अर्पित किया जाता था। मान्यता है कि एक बार भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों को इंद्रदेव की पूजा करते देखा तो उन्हें समझाया कि प्रकृति और गोवर्धन पर्वत की पूजा करनी चाहिए, क्योंकि ये उनके जीवन और आजीविका का आधार हैं।

श्रीकृष्ण की बात मानकर ब्रजवासियों ने इंद्रदेव की जगह गोवर्धन पर्वत की पूजा की। जब इंद्रदेव को इसकी जानकारी हुई तो वे क्रोधित हो गए। उन्होंने ब्रज में तेज बारिश और आंधी-तूफान शुरू कर दिया। लगातार बारिश से ब्रजवासियों के सामने संकट खड़ा हो गया।

श्रीकृष्ण ने छोटी उंगली पर उठा लिया गोवर्धन पर्वत

कथा के मुताबिक, इंद्रदेव के प्रकोप से ब्रजवासियों को बचाने के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठा लिया। इसके नीचे सभी ब्रजवासी और उनकी गायों ने शरण ली। इस तरह श्रीकृष्ण ने उन्हें भारी बारिश और तूफान से सुरक्षित बचाया।

धार्मिक मान्यता है कि इसी घटना की याद में हर साल कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा को गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव मनाया जाने लगा। इस दिन गोबर या अन्य सामग्री से गोवर्धन पर्वत का प्रतीक बनाया जाता है और उसकी पूजा की जाती है। भगवान को तरह-तरह के पकवानों का भोग भी लगाया जाता है।

Govardhan Puja 2026: जानें शुभ मुहूर्त

पंचांग के अनुसार, कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि 9 नवंबर 2026 को दोपहर 12 बजकर 31 मिनट पर शुरू होगी। इस तिथि का समापन 10 नवंबर 2026 को दोपहर 2 बजे होगा।

गोवर्धन पूजा के लिए प्रातःकाल का शुभ मुहूर्त सुबह 6 बजकर 40 मिनट से सुबह 8 बजकर 50 मिनट तक रहेगा। इस दौरान श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण और गोवर्धन पर्वत की पूजा कर सकते हैं।

गोवर्धन पूजा 2026 का शुभ मुहूर्त: सुबह 6:40 बजे से 8:50 बजे तक।