अन्नकूट पर मिठाइयों से सजा काशी विश्वनाथ का दरबार, 21 क्विंटल मिष्ठान से हुआ बाबा का दिव्य श्रृंगार
वाराणसी। देव दीपावली और कार्तिक मास के धार्मिक आयोजनों के बीच धर्मनगरी काशी में अन्नकूट पर्व की भी धूम देखने को मिली। मंगलवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम में अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस खास मौके पर बाबा विश्वनाथ का 21 क्विंटल विभिन्न प्रकार की मिठाइयों से भव्य श्रृंगार किया गया। पूरा धाम परिसर फूलों, दीपों और सुगंधित धूप से सजाया गया, जिससे मंदिर का वातावरण भक्तिमय हो उठा।
21 क्विंटल मिठाइयों से सजा बाबा का दरबार
अन्नकूट पर्व पर भगवान श्री विश्वेश्वर महादेव को बूंदी के लड्डू, मेवा के लड्डू समेत कई तरह की पारंपरिक मिठाइयां अर्पित की गईं। इन मिठाइयों से बाबा का आकर्षक श्रृंगार किया गया। भोग और श्रृंगार की इस दिव्य छटा को देखकर श्रद्धालु भावविभोर नजर आए। धाम में पूरे दिन भक्ति और उत्सव का माहौल बना रहा।
महंत परिवार के आवास से निकली पंचबदन प्रतिमा की शोभायात्रा
अन्नकूट के अवसर पर भगवान श्री विश्वनाथ, माता गौरी और गणेश जी की पंचबदन रजत चल प्रतिमा की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा टेढ़ीनीम स्थित महंत परिवार के आवास से शुरू हुई। शहनाई और डमरू की मंगल ध्वनि के बीच श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के जयकारे लगाए। इसके बाद प्रतिमा को विधि-विधान के साथ मंदिर के गर्भगृह में विराजमान कराया गया।
गर्भगृह में बाबा विश्वनाथ की मध्याह्न भोग आरती संपन्न हुई। इस दौरान भगवान को विभिन्न प्रकार के पकवान और मिष्ठान अर्पित किए गए।
भक्तों में बांटा गया प्रसाद, मांगी सुख-समृद्धि की कामना
भोग आरती के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया। भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर बाबा विश्वनाथ से परिवार की सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और शांति की कामना की। अन्नकूट पर्व पर प्रसाद वितरण को विशेष महत्व दिया जाता है। यह परंपरा अन्न के प्रति सम्मान और मिल-जुलकर खुशियां बांटने का संदेश देती है।
अन्नकूट पर्व क्यों मनाया जाता है?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, अन्नकूट पर्व भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत की पूजा किए जाने की स्मृति में मनाया जाता है। इस दिन भगवान को तरह-तरह के पकवानों का भोग लगाया जाता है। अन्नकूट का अर्थ है अन्न का समूह या ढेर। यह पर्व प्रकृति, अन्न और ईश्वर के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का प्रतीक माना जाता है।
काशी विश्वनाथ धाम में आयोजित इस महोत्सव ने धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता, सहयोग और सेवा का संदेश भी दिया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। हर-हर महादेव के जयघोष के बीच अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ।