सावन के दूसरे सोमवार पर बम-बम हुई काशी, बाबा विश्वनाथ के दर्शन को उमड़े शिवभक्त, अफसरों ने की पुष्पवर्षा
वाराणसी। सावन के दूसरे सोमवार पर काशी पूरी तरह शिवमय नजर आ रही है। हर-हर महादेव के जयघोष से बाबा विश्वनाथ की नगरी गूंज रही है। देर रात से ही काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का रेला लगा हुआ है। सुबह होते ही शिवभक्तों और कांवरियों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया गया।
वाराणसी के कमिश्नर, जिलाधिकारी समेत तमाम आला अधिकारी कांवरियों और श्रद्धालुओं पर फूल बरसाते नजर आए। इस दौरान बाबा के धाम में आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला।
गौरी-शंकर रूप में दर्शन दे रहे बाबा विश्वनाथ
सावन के दूसरे सोमवार पर बाबा विश्वनाथ का विशेष श्रृंगार गौरी-शंकर स्वरूप में किया गया है। सावन के प्रत्येक सोमवार को बाबा का अलग-अलग स्वरूप में श्रृंगार होता है और भक्तों को इन दिव्य स्वरूपों के दर्शन का अवसर मिलता है।
4 किलोमीटर तक पहुंची भक्तों की कतार
दूसरे सोमवार पर बाबा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतार करीब 4 किलोमीटर लंबी रही। मैदागिन और गोदौलिया के अलावा गंगा द्वार से भी भक्त कतार में खड़े नजर आए। बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान के बाद हाथों में गंगाजल लेकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखे।
भक्तों के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पूरे क्षेत्र को 4 जोन और 13 सेक्टर में बांटकर पुलिस बल की तैनाती की गई है। अधिकारियों की ओर से लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है।
भक्तों ने व्यवस्थाओं को सराहा
बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालु प्रिंस गुप्ता ने बताया कि मंदिर में शिवभक्तों के लिए अच्छी व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने करीब दो घंटे में बाबा का जलाभिषेक किया और व्यवस्था से संतुष्टि जताई। वहीं पटना से आए श्याम यादव ने भी मंदिर में की गई व्यवस्थाओं की सराहना की।
भारी वाहनों की एंट्री पर रोक
सावन के सोमवार और सावन शिवरात्रि को देखते हुए वाराणसी शहर में यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। दो दिनों तक रात 11 बजे के बाद भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। इसके अलावा काशी विश्वनाथ मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग को नो-व्हीकल जोन घोषित किया गया है।
48 घंटे में 10 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं का अनुमान
सावन के दूसरे सोमवार पर बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए 6 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। मंदिर न्यास के सीईओ विश्वभूषण मिश्रा के अनुसार, 10 और 11 अगस्त को मिलाकर 48 घंटे में 10 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर सकते हैं।
काशी में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच हर तरफ 'हर-हर महादेव' के जयघोष सुनाई दे रहे हैं और पूरा शहर बाबा की भक्ति में डूबा नजर आ रहा है।