Weather Update: यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट, मौसम विभाग ने दी बड़ी चेतावनी
देश के कई राज्यों में मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग ने यूपी, बिहार, दिल्ली समेत कई राज्यों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। वहीं अगले 2-3 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के तेजी से आगे बढ़ने के संकेत भी मिल रहे हैं।
Weather Update: देशभर में भीषण गर्मी के बीच अब मौसम का मिजाज तेजी से बदलने लगा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत समेत देश के कई हिस्सों में 31 मई तक तेज आंधी, धूल भरी हवाएं, बारिश और कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने कहा है कि अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में बन रही अनुकूल परिस्थितियों के चलते दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले दो से तीन दिनों में तेजी से आगे बढ़ सकता है।
यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार और रविवार को उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, ओडिशा, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात और गोवा में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
इन राज्यों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं बिहार और झारखंड में हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने बिहार के कुछ इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक तेज आंधी चलने की चेतावनी भी जारी की है।
महाराष्ट्र-गुजरात में भारी बारिश की संभावना
आईएमडी के अनुसार मध्य महाराष्ट्र में 30 मई को तेज बारिश हो सकती है। वहीं कोंकण और गोवा में 31 मई को झमाझम बारिश की संभावना जताई गई है। गुजरात में 31 मई से 2 जून के बीच कई इलाकों में भारी बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।
पूर्वोत्तर भारत में भी बदलेगा मौसम
मौसम विभाग ने बताया कि असम, अरुणाचल प्रदेश और मेघालय में 1 जून से 4 जून तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इसके अलावा नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 31 मई से 3 जून तक भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
दक्षिण भारत के कर्नाटक, तमिलनाडु और लक्षद्वीप में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश का असर देखने को मिल सकता है।
भीषण गर्मी से मिलेगी राहत
आईएमडी के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत में 30 मई तक अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। वहीं गुजरात में 4 जून तक तापमान 3 से 5 डिग्री तक कम हो सकता है।
हालांकि देश के अन्य हिस्सों में 4 जून तक तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। मौसम विभाग का कहना है कि प्री-मानसूनी गतिविधियों के कारण कई राज्यों में गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन उमस बढ़ सकती है।
बांदा रहा सबसे गर्म शहर
पिछले 24 घंटों के दौरान बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। इसके बावजूद उत्तर प्रदेश, तेलंगाना और राजस्थान के कुछ हिस्सों में तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा।
मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को देश में सबसे अधिक तापमान उत्तर प्रदेश के बांदा में 47.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसने लोगों को भीषण गर्मी से बेहाल कर दिया।
लोगों को सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। तेज आंधी और बिजली गिरने की संभावना वाले इलाकों में खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की गई है। किसानों और यात्रियों को भी मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने को कहा गया है।