देवी के इस मंदिर में दर्शन मात्र से ठीक होती हैं आंखों की परेशानियां, जानें मंदिर का अद्भुत रहस्य
वैसे तो पूरे देशभर में कई ऐसे प्राचीन और चमत्कारी मंदिर है, जिनके साथ कोई न कोई पौराणिक मान्यता जुड़ी हुई है। आज हम आपको उत्तर प्रदेश में स्थित देवी एक ऐसे मंदिर के बारे में बताएंगे, जहां दर्शन मात्र से ही आंख से जुड़ी सभी समस्याओं से छुटकारा मिल जाता है। ययह मंदिर न केवल पूर्वांचल बल्कि पूरे उत्तर भारत के भक्तों के बीच बेहद प्रसिद्ध है। आइए जानते है ये मंदिर कहां स्थित है।
कहां स्थित है मंदिर
हम जिस मंदिर की बात कर रहे है वह उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में स्थित एक प्रसिद्ध शक्तिपीठ है, जिसका नाम मां बाराही देवी मंदिर है। इसे श्रद्धालु आस्था, विश्वास और चमत्कार का केंद्र मानते हैं।
मान्यता है कि यहां माता के दर्शन और गुफा के पास स्थित पवित्र जल के स्पर्श से आंखों से जुड़ी परेशानियों में राहत मिलती है। इसी वजह से इस मंदिर को “उत्तरी भवानी” के नाम से भी जाना जाता है।
क्या है मंदिर की खासियत?
मां बाराही देवी को शक्ति का अत्यंत प्रभावशाली स्वरूप माना जाता है। मंदिर प्राकृतिक गुफा के समीप स्थित है, जो इसकी रहस्यमयी और आध्यात्मिक पहचान को और खास बनाता है।
श्रद्धालुओं का विश्वास है कि माता यहां स्वयं विराजमान हैं और सच्चे मन से आने वाले भक्तों की हर मनोकामना पूरी करती हैं।
नेत्र ज्योति से जुड़ी मान्यता
इस शक्तिपीठ की सबसे चर्चित मान्यता आंखों की रोशनी से जुड़ी है। कहा जाता है कि जो भक्त श्रद्धा से माता के दर्शन करता है और गुफा के पास के जल से आंखों को स्पर्श करता है, उसे नेत्र रोगों से राहत मिलती है।
हालांकि इस मान्यता का कोई वैज्ञानिक प्रमाण उपलब्ध नहीं है, लेकिन भक्तों की गहरी आस्था इस मंदिर को विशेष महत्व देती है।
क्यों कहा जाता है ‘उत्तरी भवानी’?
मां बाराही देवी मंदिर को उत्तर भारत में शक्ति साधना का प्रमुख केंद्र माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, जैसे पूर्व में कामाख्या मंदिर और पश्चिम में हिंगलाज माता मंदिर का विशेष महत्व है, उसी तरह उत्तर दिशा में मां बाराही देवी का यह शक्तिपीठ विशेष स्थान रखता है।
पौराणिक मान्यताएं और इतिहास
कहा जाता है कि प्राचीन काल में इस स्थान पर कई सिद्ध संतों और तपस्वियों ने कठोर साधना की थी। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मां बाराही देवी का संबंध भगवान विष्णु के वराह अवतार से भी माना जाता है, इसलिए उनका यह स्वरूप अत्यंत शक्तिशाली माना जाता है।
नवरात्रि में उमड़ती है श्रद्धालुओं की भीड़
मंदिर में पूरे साल भक्तों का आना-जाना लगा रहता है, लेकिन नवरात्रि के दौरान यहां विशेष पूजा-अर्चना और भव्य आयोजन किए जाते हैं। इस दौरान हजारों श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं और सुबह-शाम होने वाली आरती में शामिल होकर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।