अयिगिरिनन्दिनि’ की गूंज और नन्हे कलाकारों की चमक: सेवा भारती वार्षिकोत्सव में संस्कार-संस्कृति का भव्य संगम
वाराणसी। सेवा भारती समिति, काशी प्रांत द्वारा संचालित महामना छात्रावास एवं विभिन्न सेवा केंद्रों के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को माधव सेवा प्रकल्प, चंदापुर लोहता में वार्षिकोत्सव 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के व्यवसायिक एवं कौशल विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल, सेवा भारती काशी विभाग के संरक्षक कैलाश अग्रवाल, महामना छात्रावास समिति के अध्यक्ष डॉ. आर.के. ओझा एवं सेवा भारती समिति के अध्यक्ष राहुल सिंह उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सेवा केंद्रों के छोटे-छोटे बच्चों ने अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत ‘महिषासुरमर्दिनी स्तोत्रम् – अयिगिरिनन्दिनि नन्दितमेदिनि’ की प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। इसके अलावा ‘नागरिक कर्तव्य’ विषय पर आधारित प्रस्तुति के माध्यम से लोगों को अपने सामाजिक एवं राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति जागरूक रहने तथा नागरिक कर्तव्यों का पालन करने की सीख दी गई। विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
मुख्य अतिथि कपिल देव अग्रवाल ने बच्चों की प्रतिभा और सेवा भारती समिति के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में संस्कार एवं सेवा भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल होकर स्वयं को गौरवान्वित महसूस करने की बात कही।
सेवा भारती समिति के अध्यक्ष राहुल सिंह ने बच्चों को संबोधित करते हुए उन्हें जीवन में आगे बढ़ने, समाज में अच्छे संस्कारों के साथ रहने तथा शिक्षा के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि बच्चों को अनुशासन, सेवा और संस्कार के मार्ग पर चलकर समाज एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। इस दौरान उन्होंने डॉ. आर.के. ओझा की प्रशंसा करते हुए कहा कि समय का अत्यधिक अभाव होने के बावजूद उन्होंने पूरे कार्यक्रम में उपस्थित रहकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का समापन भारत माता की भव्य आरती के साथ हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।