{"vars":{"id": "130921:5012"}}

बारिश और कीचड़ के बीच नंगे पांव प्रेमानंद महाराज के आश्रम पहुंचे विराट-अनुष्का, लिया आशीर्वाद, एक घंटे की एकांतिक बात

 

वृंदावन। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा बुधवार को वृंदावन पहुंचे, जहां उन्होंने संत प्रेमानंद महाराज के नए आश्रम यमुना विहार कुंज में दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया।

दोनों सादगी भरे अंदाज में मास्क पहनकर और नंगे पांव आश्रम पहुंचे। बारिश के चलते रास्ते में कीचड़ होने के बावजूद विराट कोहली पूरे समय अनुष्का शर्मा का हाथ थामे नजर आए। इस दौरान दोनों की सादगी और आध्यात्मिक आस्था ने वहां मौजूद लोगों का ध्यान खींचा।

आश्रम में दोनों ने करीब एक घंटे तक प्रेमानंद महाराज के साथ समय बिताया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। बाहर निकलते समय विराट के माथे पर चंदन का तिलक और हाथ में प्रसाद दिखाई दिया।

इसके बाद विराट और अनुष्का वृंदावन स्थित हित गोविंद शरण महाराज के आश्रम भी पहुंचे, जहां उन्होंने दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया। उनकी इस आध्यात्मिक यात्रा की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।