11 गेंद, 50 रन और इतिहास! वैभव सूर्यवंशी ने फाइनल में खेली ऐसी पारी, टूट गया 20 साल पुराना रिकॉर्ड
इंडिया ए के 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने श्रीलंका ए के खिलाफ ट्राई सीरीज फाइनल में सिर्फ 11 गेंदों में अर्धशतक जड़कर लिस्ट-ए क्रिकेट का नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया। वैभव ने 29 गेंदों पर 94 रन की विस्फोटक पारी खेलते हुए 20 साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।
Vaibhav Suryavanshi Record: जिस खिलाड़ी के प्रदर्शन पर पिछले कुछ दिनों से सवाल उठ रहे थे, उसी ने ट्राई सीरीज के फाइनल में ऐसा तूफान खड़ा कर दिया कि क्रिकेट जगत हैरान रह गया। इंडिया ए के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने श्रीलंका ए के खिलाफ खिताबी मुकाबले में सिर्फ 11 गेंदों में अर्धशतक जड़कर लिस्ट-ए क्रिकेट के इतिहास का सबसे तेज फिफ्टी बनाने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
रंगीरी दांबुला इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए फाइनल में श्रीलंका ए ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन वैभव ने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए इस रणनीति को पूरी तरह नाकाम साबित कर दिया।
पहली गेंद से दिखाए तेवर, गेंदबाजों पर टूट पड़े वैभव
इंडिया ए की पारी की पहली ही गेंद पर चौका लगाकर वैभव सूर्यवंशी ने अपने इरादे साफ कर दिए। इसके बाद उन्होंने श्रीलंकाई गेंदबाजों पर ऐसा हमला बोला कि मैदान के चारों ओर चौकों और छक्कों की बरसात शुरू हो गई।
महज कुछ मिनटों में मैच का पूरा रुख बदल गया और श्रीलंका ए की टीम दबाव में आ गई। वैभव ने बड़े शॉट्स खेलने में कोई हिचक नहीं दिखाई और लगातार गेंदबाजों को निशाना बनाते रहे।
20 साल पुराना विश्व रिकॉर्ड तोड़ा
सिर्फ 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने क्रिकेट इतिहास में अपना नाम दर्ज करा दिया। उन्होंने अपनी पारी का पांचवां छक्का लगाकर महज 11 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और लिस्ट-ए क्रिकेट का सबसे तेज फिफ्टी बनाने का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
इससे पहले यह रिकॉर्ड श्रीलंका के कौशल्या वीररत्ने के नाम था, जिन्होंने 2005-06 में 12 गेंदों में अर्धशतक लगाया था। वैभव ने इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए नया इतिहास रच दिया।
आलोचनाओं का बल्ले से दिया जवाब
यह पारी इसलिए भी खास रही क्योंकि वैभव सूर्यवंशी इस पूरी सीरीज में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए थे। इसके अलावा हाल ही में श्रीलंका ए के एक खिलाड़ी के साथ उनकी तीखी बहस भी चर्चा में रही थी।
ऐसे में फाइनल मुकाबले में सभी की निगाहें उन पर टिकी थीं। वैभव ने किसी बयान से नहीं बल्कि अपने बल्ले से जवाब दिया और साबित कर दिया कि बड़े मंच पर दबाव को अवसर में कैसे बदला जाता है।
शतक से चूके, लेकिन खेल गए यादगार पारी
अर्धशतक पूरा करने के बाद भी वैभव नहीं रुके। उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी और शतक की ओर तेजी से बढ़ते दिखाई दिए। हालांकि, वह अपने शतक से सिर्फ 6 रन दूर रह गए।
वैभव सूर्यवंशी ने मात्र 29 गेंदों में 94 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। उनकी इस तूफानी बल्लेबाजी ने फाइनल मुकाबले का पूरा माहौल बदलकर रख दिया।
लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज
11 गेंद – वैभव सूर्यवंशी (इंडिया ए बनाम श्रीलंका ए, 2026)
12 गेंद – कौशल्या वीररत्ने (2005-06)
13 गेंद – थिसारा परेरा (2020-21)
14 गेंद – रोरी क्लेनवेल्ट (2010-11)
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
इंडिया A
प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, रुतुराज गायकवाड़, तिलक वर्मा (कप्तान), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), सूर्यांश शेडगे, निशांत सिंधु, अनुकूल रॉय, विप्रज निगम, अशोक शर्मा, यश ठाकुर।
श्रीलंका A
निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), अविष्का फर्नांडो, नुवानिदु फर्नांडो, सदीरा समरविक्रमा, सहान अराचिगे (कप्तान), रविंदु फर्नांडो, वानुजा सहान, मोहम्मद शिराज, विजयकांत वियास्कंथ, दुलज समुदिथा, कुगथास मथुलन।