8,381 रन, 27 शतक... फिर भी Team India में डेब्यू नहीं! कौन हैं अभिमन्यू ईश्वरन, जिनका 5 साल से खत्म नहीं हुआ इंतजार?
New Delhi : भारतीय क्रिकेट में इन दिनों 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू को लेकर लगातार चर्चा हो रही है। पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन, इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन और दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज एबी डिविलियर्स जैसे कई पूर्व क्रिकेटर भी वैभव को जल्द मौका देने की वकालत कर चुके हैं। हालांकि, भारतीय टीम के पहले तीन मुकाबलों में उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली है।
इसी बीच भारतीय क्रिकेट में एक ऐसा खिलाड़ी भी है, जो पिछले पांच वर्षों से अंतरराष्ट्रीय डेब्यू का इंतजार कर रहा है। यह खिलाड़ी कई बार टीम इंडिया के स्क्वाड का हिस्सा बना, लेकिन अब तक एक भी अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने का मौका नहीं मिला।
अभिमन्यू ईश्वरन का खत्म नहीं हुआ इंतजार
यह खिलाड़ी हैं अभिमन्यू ईश्वरन, जिन्हें पहली बार 2021 में इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम में चुना गया था। इसके बाद उन्हें 2024 की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए भी टीम में शामिल किया गया, लेकिन हर बार उन्हें अंतिम एकादश से बाहर ही रखा गया।
पांच साल के दौरान भारतीय टेस्ट टीम में कई बड़े बदलाव हुए। रोहित शर्मा और विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया, शुभमन गिल कप्तान बने, कोच बदले और ओपनिंग कॉम्बिनेशन भी बदला, लेकिन अभिमन्यू ईश्वरन का डेब्यू अब भी अधूरा है।
घरेलू क्रिकेट में शानदार रिकॉर्ड
30 वर्षीय अभिमन्यू ईश्वरन घरेलू क्रिकेट में बंगाल का प्रतिनिधित्व करते हैं और लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करते रहे हैं।
- फर्स्ट क्लास मैच: 113
- रन: 8,381
- शतक: 27
- अर्धशतक: 36
लिस्ट-ए क्रिकेट में भी उनका रिकॉर्ड प्रभावशाली रहा है।
- लिस्ट-ए मैच: 96
- रन: 4,107
- औसत: 46.14
इसके अलावा टी20 क्रिकेट में भी उनके नाम 1,242 रन दर्ज हैं।
टॉप ऑर्डर में कड़ी प्रतिस्पर्धा
अभिमन्यू ईश्वरन टॉप ऑर्डर बल्लेबाज हैं, लेकिन मौजूदा समय में भारतीय टेस्ट टीम के शीर्ष क्रम में केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल और साई सुदर्शन जैसे बल्लेबाजों की मौजूदगी के कारण उन्हें मौका नहीं मिल पा रहा है।
वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू को लेकर उठ रही बहस के बीच अभिमन्यू ईश्वरन का पांच साल लंबा इंतजार भी भारतीय क्रिकेट में चयन प्रक्रिया पर नए सवाल खड़े कर रहा है।