{"vars":{"id": "130921:5012"}}

अफरीदी का ICC पर बड़ा हमला, बोले - भारत के लिए नियम अलग, बांग्लादेश के लिए अलग क्यों?
 

 

Dhaka/New Delhi : टी20 विश्व कप 2026 के वेन्यू और सुरक्षा मुद्दे को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। पाकिस्तान ने एक बार फिर खुलकर बांग्लादेश का समर्थन किया है। पूर्व क्रिकेटर शाहिद अफरीदी ने आईसीसी की निष्पक्षता पर सवाल खड़े करते हुए कहा है कि 2025 चैंपियंस ट्रॉफी में भारत को सुरक्षा कारणों से पाकिस्तान न जाने की छूट मिली थी, लेकिन बांग्लादेश के साथ वैसा ही व्यवहार नहीं किया जा रहा। अफरीदी का यह बयान ऐसे समय आया है जब बांग्लादेश को टी20 विश्व कप से बाहर कर दिया गया है और उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया है।

शाहिद अफरीदी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि बांग्लादेश और ICC इवेंट्स में खेल चुके एक पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर होने के नाते, मुझे ICC की अस्थिरता से निराशा हुई है। 2025 में ICC ने सुरक्षा कारणों से पाकिस्तान न जाने की टीम इंडिया की मांग को स्वीकार कर लिया था। मगर वह बांग्लादेश के मामले में वैसा ही फैसला लेने से परहेज कर रहा है। उन्होंने आगे कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की बुनियाद निष्पक्षता और निरंतरता पर टिकी है। बांग्लादेशी क्रिकेटर और फैंस भी सम्मान के हकदार हैं।

ICC का फैसला और बांग्लादेश का विरोध

आईसीसी ने बांग्लादेश की वेन्यू चेंज की मांग को खारिज कर दिया था। ग्रुप C में बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया। बांग्लादेश ने इस फैसले के खिलाफ डिस्प्यूट रेजोल्यूशन कमिटी (DRC) से अपील की थी, लेकिन DRC ने प्रोटोकॉल का हवाला देकर सुनवाई से इनकार कर दिया। 14-2 के वोट से बोर्ड मीटिंग में भी बांग्लादेश की मांग खारिज हो गई थी।

पाकिस्तान की तरफ से लगातार समर्थन

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के पूर्व चेयरमैन नजम सेठी, पूर्व कप्तान राशिद लतीफ और अब शाहिद अफरीदी ने लगातार ICC और BCCI की आलोचना की है। पाकिस्तान का कहना है कि 2025 चैंपियंस ट्रॉफी में भारत को सुरक्षा कारणों से पाकिस्तान न जाने की छूट दी गई थी, लेकिन बांग्लादेश के साथ ऐसा नहीं किया जा रहा। अफरीदी ने इसे दोहरा मापदंड बताया है।

भारत का पक्ष

BCCI ने हमेशा कहा है कि सुरक्षा सर्वोपरि है। भारत ने पहले भी पाकिस्तान में होने वाले टूर्नामेंट्स में हिस्सा नहीं लिया था। ICC ने भारत की मांग को मानते हुए 2025 चैंपियंस ट्रॉफी को दुबई में शिफ्ट किया था। अब टी20 विश्व कप के वेन्यू को लेकर भी भारत ने अपनी स्थिति स्पष्ट की है।

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड का रुख

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने ICC के फैसले पर गहरा दुख जताया है। BCB का कहना है कि सुरक्षा के नाम पर दोहरा मापदंड अपनाया जा रहा है। बांग्लादेश ने कहा कि वह इस मुद्दे को आगे भी उठाता रहेगा। यह विवाद टी20 विश्व कप 2026 से पहले क्रिकेट जगत में तनाव पैदा कर रहा है। पाकिस्तान और बांग्लादेश के पूर्व क्रिकेटरों की तरफ से ICC और BCCI पर लगातार हमले हो रहे हैं। ICC ने अभी तक कोई नया बयान जारी नहीं किया है।