37 साल बाद काशी के फुटबॉलर्स की सुब्रतो कप में वापसी, विकास इंटर कॉलेज टीम ने रचा इतिहास
वाराणसी। काशी के फुटबॉल खिलाड़ियों ने 37 साल बाद अंतरराष्ट्रीय सुब्रतो कप में जगह बनाकर इतिहास रच दिया है। सोमवार को 65वीं सुब्रतो कप प्रादेशिक प्रतियोगिता के फाइनल में वाराणसी मंडल का प्रतिनिधित्व कर रही विकास इंटर कॉलेज की टीम ने लखनऊ को पेनल्टी शूटआउट में 5-4 से हराकर नई दिल्ली में होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर लिया।
फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। मैच के 12वें मिनट में अभय प्रताप सिंह के माइनस पास पर गोविंद यादव ने शानदार गोल कर वाराणसी को 1-0 की बढ़त दिलाई। हाफटाइम तक यही स्कोर रहा। दूसरे हाफ में लखनऊ के प्रशांत ने गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद मुकाबला पेनल्टी शूटआउट तक पहुंचा, जहां काशी की टीम ने 5-4 से जीत दर्ज की।
वाराणसी की ओर से मो. औसफ अली, गोविंद, प्रियांशु और श्रेयांश ने पेनल्टी शूटआउट में गोल किए। इससे पहले सेमीफाइनल मुकाबले में विकास इंटर कॉलेज ने मेजबान आजमगढ़ मंडल का प्रतिनिधित्व कर रही अशर्फियां इंटर कॉलेज, मुबारकपुर की टीम को 3-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। टीम की ओर से आदर्श, गोविंद और मो. अशर्फियां खान अली ने एक-एक गोल किया।
गौरतलब है कि वाराणसी की आदर्श सेवा विद्यालय की टीम वर्ष 1977 और 1989 में सुब्रतो कप की ऑल इंडिया चैंपियन रह चुकी है। अब 37 साल बाद काशी की टीम ने अंतरराष्ट्रीय सुब्रतो कप के लिए क्वालीफाई कर नई उपलब्धि हासिल की है। टीम के मैनेजर राजेश मौर्या रहे।
इस ऐतिहासिक जीत पर वाराणसी मंडल के संयुक्त शिक्षा निदेशक दिनेश कुमार सिंह, विकास एजुकेशनल ग्रुप के चेयरमैन डॉ. एके सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह और मंडलीय क्रीड़ा सचिव राजेश कुमार सिंह ने विजेता टीम को बधाई दी।