एशियन गेम्स 2026 में भारत की शानदार शुरुआत, शूटिंग में एक ही दिन मिले 2 सिल्वर
Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारत ने मेडल का खाता खोल दिया है। शूटिंग में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक ही दिन दो सिल्वर मेडल अपने नाम किए। महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में सोनम मस्कर, इलावेनिल वलारिवन और विदर्स विनोद की भारतीय टीम ने सिल्वर जीता। इसके बाद इलावेनिल वलारिवन ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में भी सिल्वर मेडल हासिल किया।
10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में भारत को सिल्वर
महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा के फाइनल में भारतीय टीम ने कुल 1898 अंक हासिल किए और दूसरे स्थान पर रही। इस प्रदर्शन के साथ भारत ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया।
चीन ने 1904.2 अंक के साथ गोल्ड मेडल जीता। वहीं मेजबान जापान की टीम 1897.1 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रही और उसे ब्रॉन्ज मेडल मिला। भारत और जापान के बीच सिल्वर मेडल के लिए कड़ा मुकाबला देखने को मिला। भारतीय टीम ने जापान को महज 0.9 अंक से पीछे छोड़ा।
सोनम मस्कर का शानदार प्रदर्शन
टीम इवेंट में भारत की ओर से सोनम मस्कर ने सबसे ज्यादा स्कोर किया। उन्होंने व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन में 643.1 अंक हासिल किए। वहीं इलावेनिल वलारिवन का स्कोर 633.5 अंक रहा। दोनों के शानदार प्रदर्शन ने भारत को पोडियम तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
इलावेनिल ने व्यक्तिगत स्पर्धा में भी जीता सिल्वर
टीम इवेंट के बाद इलावेनिल वलारिवन ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल व्यक्तिगत स्पर्धा में भी भारत के लिए सिल्वर मेडल जीत लिया। फाइनल में एक समय वह गोल्ड मेडल की मजबूत दावेदार नजर आ रही थीं, लेकिन आखिरी सीरीज में जापान की हिनाता ताइची ने उन्हें पीछे छोड़ दिया।
हिनाता ताइची ने 253.0 अंक के साथ गोल्ड मेडल जीता। इलावेनिल 252.4 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। वह गोल्ड से सिर्फ 0.6 अंक से चूक गईं। दक्षिण कोरिया की ह्यो-जिन बान ने 230.4 अंक के साथ ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।
शूटिंग से भारत को दो मेडल
इस तरह एशियन गेम्स 2026 में भारत के खाते में अब दो मेडल आ चुके हैं और दोनों सिल्वर हैं। भारतीय शूटर्स ने प्रतियोगिता की शुरुआत में ही शानदार प्रदर्शन कर देश की पदक उम्मीदों को मजबूत कर दिया है।