{"vars":{"id": "130921:5012"}}

एशियन गेम्स में यूपी का जलवा, 12 खिलाड़ियों ने जीते 16 मेडल, सरकार देगी करोड़ों का इनाम

आइची-नागोया एशियन गेम्स 2026 में उत्तर प्रदेश के 12 खिलाड़ियों ने पांच स्वर्ण समेत 16 पदक जीते। योगी सरकार पदक विजेताओं और प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों को कुल 25.5 करोड़ रुपये की नकद प्रोत्साहन राशि और मेडल से सम्मानित करेगी। गुलवीर सिंह ने तीन व्यक्तिगत पदक जीते।

 

Asian Games 2026: आइची-नागोया एशियन गेम्स 2026 में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश की झोली में पांच स्वर्ण, तीन रजत और आठ कांस्य समेत कुल 16 पदक डाले हैं। भारतीय दल में उत्तर प्रदेश के 24 खिलाड़ी शामिल थे, जिनमें 12 खिलाड़ियों ने पदक जीतने में सफलता हासिल की। अब योगी सरकार पदक विजेताओं और प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों को कुल 25.5 करोड़ रुपये की नकद प्रोत्साहन राशि और मेडल देकर सम्मानित करेगी।

एशियन गेम्स का रविवार को अंतिम दिन है, लेकिन उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों से जुड़ी सभी स्पर्धाएं पूरी हो चुकी हैं। खेल विभाग खिलाड़ियों के प्रदर्शन और पदकों का पूरा ब्योरा तैयार कर रहा है।

पिछले एशियन गेम्स में उत्तर प्रदेश के 39 खिलाड़ियों ने भारतीय दल में हिस्सा लिया था। तब प्रदेश के खिलाड़ियों ने सात स्वर्ण, नौ रजत और आठ कांस्य समेत कुल 24 पदक जीते थे।

गुलवीर सिंह ने जीते तीन व्यक्तिगत पदक

अलीगढ़ के धावक गुलवीर सिंह इस एशियन गेम्स में यूपी के सबसे चर्चित खिलाड़ियों में रहे। उन्होंने 1500 मीटर और 10,000 मीटर दौड़ में रजत पदक जीता, जबकि 5000 मीटर में कांस्य पदक अपने नाम किया।

गुलवीर एशियन गेम्स में दो से ज्यादा व्यक्तिगत स्पर्धाओं में पदक जीतने वाले देश के पहले पुरुष एथलीट बन गए हैं। उनके प्रदर्शन से प्रदेश के पदकों की संख्या में भी बड़ा योगदान मिला।

नोएडा के जय कुमार ने 4x400 मीटर मिश्रित रिले में रजत पदक जीता। इसके अलावा उन्होंने 4x400 मीटर रिले में भी हिस्सा लिया और कांस्य पदक हासिल किया।

पारुल चौधरी ने जीते दो कांस्य

मेरठ की स्टार एथलीट पारुल चौधरी ने 5000 मीटर और 3000 मीटर स्टीपलचेज में कांस्य पदक जीते। पिछले एशियन गेम्स में एक स्वर्ण और एक रजत पदक जीत चुकीं पारुल इस बार भी दो पदक जीतने में सफल रहीं।

वहीं, 4x400 मीटर रिले में स्वर्ण पदक जीतने वाली प्राची चौधरी ने 400 मीटर दौड़ में भी कांस्य पदक अपने नाम किया।

खुर्जा के निशानेबाज मेराज अहमद खान का यह तीसरा एशियन गेम्स था। उन्होंने स्कीट टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर अपना पहला एशियन गेम्स पदक हासिल किया।

गोल्ड जीतने वाले यूपी के पांच खिलाड़ी

उत्तर प्रदेश के पांच खिलाड़ियों ने स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया। इनमें क्रिकेट में दीप्ति शर्मा (आगरा) और विप्रज निगम (बाराबंकी), कबड्डी में अर्जुन देशवाल (मुजफ्फरनगर), 4x400 मीटर रिले में प्राची चौधरी (सहारनपुर) और हॉकी में राजकुमार पाल (गाजीपुर) शामिल हैं।

इन सभी खिलाड़ियों को राज्य सरकार की मौजूदा पुरस्कार योजना के तहत तीन-तीन करोड़ रुपये की राशि दी जाएगी।

किस पदक पर कितना मिलेगा इनाम?

राज्य सरकार की योजना के अनुसार एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी को 3 करोड़ रुपये, रजत पदक विजेता को 1.5 करोड़ रुपये और कांस्य पदक विजेता को 75 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।

इसके अलावा एशियन गेम्स में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को 5-5 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान है।

मल्टीपल मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को प्रत्येक पदक के हिसाब से पुरस्कार राशि मिलने पर उनकी कुल रकम और बढ़ जाएगी।

गुलवीर और प्राची को मिलेंगे 3.75 करोड़ रुपये

तीन पदक जीतने वाले गुलवीर सिंह को दो रजत और एक कांस्य के लिए कुल 3.75 करोड़ रुपये मिलेंगे। इसी तरह प्राची चौधरी को एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीतने पर 3.75 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी।

पदक के हिसाब से पुरस्कार

स्वर्ण पदक — 3 करोड़ रुपये प्रत्येक

  • दीप्ति शर्मा — आगरा, क्रिकेट
  • विप्रज निगम — बाराबंकी, क्रिकेट
  • अर्जुन देशवाल — मुजफ्फरनगर, कबड्डी
  • प्राची चौधरी — सहारनपुर, 4x400 मीटर रिले
  • राजकुमार पाल — गाजीपुर, हॉकी

रजत पदक — 1.5 करोड़ रुपये प्रत्येक

  • गुलवीर सिंह — अलीगढ़, 10,000 मीटर और 1500 मीटर
  • जय कुमार — नोएडा, 4x400 मीटर रिले

कांस्य पदक — 75 लाख रुपये प्रत्येक

  • सलमान खान — अमेठी, डबल स्कल नौकायन
  • मेराज अहमद खान — खुर्जा, स्कीट टीम
  • प्राची चौधरी — सहारनपुर, 400 मीटर
  • पारुल चौधरी — मेरठ, 5000 मीटर और 3000 मीटर स्टीपलचेज
  • रोहित यादव — जौनपुर, जैवलिन थ्रो
  • जय कुमार — 4x400 मीटर रिले
  • गुलवीर सिंह — अलीगढ़, 5000 मीटर

खिलाड़ियों को मेडल के साथ नकद पुरस्कार भी

एशियन गेम्स में पदक जीतकर लौटने वाले उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों को सरकार की ओर से नकद पुरस्कार और मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा। वहीं भारतीय दल में शामिल होकर प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों को भी निर्धारित प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

इस बार यूपी के 24 खिलाड़ियों का भारतीय दल में शामिल होना और इनमें से आधे खिलाड़ियों का पदक जीतना प्रदेश के खेल प्रदर्शन के लिहाज से अहम माना जा रहा है।