BCCI ने जारी किया टीम इंडिया का 12 महीने का घरेलू शेड्यूल, 17 शहरों में खेले जाएंगे 22 मैच
New Delhi : भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड ने टीम इंडिया के अगले 12 महीनों के अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम का एलान कर दिया है। जारी शेड्यूल के मुताबिक भारत अपने घरेलू मैदान पर ऑस्ट्रेलिया, वेस्टइंडीज, जिम्बाब्वे और श्रीलंका की मेजबानी करेगा। इस दौरान टीम इंडिया कुल 22 मुकाबले खेलेगी, जो देश के 17 शहरों में आयोजित किए जाएंगे।
वेस्टइंडीज के खिलाफ सीजन की शुरुआत
टीम इंडिया के घरेलू सीजन की शुरुआत वेस्ट इंडीज़ क्रिकेट टीम के खिलाफ व्हाइट बॉल सीरीज से होगी। वेस्टइंडीज का भारत दौरा 27 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें दोनों टीमों के बीच 3 वनडे और 5 टी20 मैच खेले जाएंगे।
दिसंबर में श्रीलंका का दौरा
इसके बाद करीब दो महीने बाद श्रीलंका राष्ट्रीय क्रिकेट टीम भारत दौरे पर आएगी। यह सीरीज 13 दिसंबर से 27 दिसंबर तक खेली जाएगी, जिसमें 3 वनडे और 3 टी20 मैच शामिल होंगे।
जनवरी में जिम्बाब्वे और ऑस्ट्रेलिया से मुकाबला
साल 2027 की शुरुआत में ज़िम्बाब्वे राष्ट्रीय क्रिकेट टीम भारत का दौरा करेगी। यह सीरीज 3 जनवरी से 9 जनवरी तक होगी, जिसमें 3 वनडे मैच खेले जाएंगे। इसके बाद जनवरी के अंत में ऑस्ट्रेलिया राष्ट्रीय क्रिकेट टीम भारत आएगी। दोनों टीमों के बीच 21 जनवरी से 27 फरवरी तक 5 टेस्ट मैचों की बड़ी सीरीज खेली जाएगी।
WTC फाइनल की उम्मीदों पर असर
अगले एक साल में भारत को घरेलू मैदान पर सिर्फ एक ही टेस्ट सीरीज खेलनी है। ऐसे में ICC विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में पहुंचने की टीम इंडिया की उम्मीदों पर असर पड़ सकता है। फिलहाल विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में भारतीय टीम छठे स्थान पर है।
घरेलू सीरीज से पहले भी व्यस्त रहेगा कार्यक्रम
बता दें कि वेस्टइंडीज सीरीज से पहले भारतीय टीम अफ़ग़ानिस्तान राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के खिलाफ वनडे सीरीज और एक टेस्ट मैच खेलेगी। इसके बाद टीम इंडिया टी20 सीरीज के लिएआयरलैंड क्रिकेट टीम दौरे पर जाएगी और वहां से इंग्लैंड रवाना होगी, जहां उसे इंग्लैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज खेलनी है।