भारत-वेस्टइंडीज सीरीज से पहले बड़ा अपडेट, Team India को मिला नया टाइटल स्पॉन्सर
New Delhi : भारत और वेस्टइंडीज के बीच वनडे सीरीज से पहले टीम इंडिया के नए टाइटल स्पॉन्सर को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, मुथूट फिनकॉर्प ने भारतीय क्रिकेट टीम के अगले दो घरेलू सीजन के लिए टाइटल स्पॉन्सरशिप अधिकार हासिल कर लिए हैं। हालांकि, खबर लिखे जाने तक भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की ओर से इस संबंध में आधिकारिक घोषणा नहीं की गई थी।
एक मैच के लिए 4.85 करोड़ रुपये की बेस प्राइस
रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि टाइटल स्पॉन्सरशिप के लिए प्रति मैच 4.85 करोड़ रुपये की बेस प्राइस पर बातचीत हुई है। हालांकि, अंतिम डील इससे कम राशि पर भी तय हो सकती है। ऐसे में वास्तविक स्पॉन्सरशिप फीस की तस्वीर BCCI की आधिकारिक घोषणा के बाद ही साफ होगी।
अगले दो घरेलू सीजन के लिए होगी डील
बताया जा रहा है कि मुथूट फिनकॉर्प के साथ यह करार भारतीय टीम के अगले दो घरेलू सीजन से जुड़ा होगा। भारत में होने वाली घरेलू द्विपक्षीय सीरीज के दौरान टीम इंडिया के नाम के साथ टाइटल स्पॉन्सर का ब्रांड दिखाई देगा।
फिलहाल, BCCI की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। बोर्ड की ओर से घोषणा होने के बाद ही स्पॉन्सरशिप की अंतिम राशि, अवधि और अन्य शर्तों की पूरी जानकारी सामने आएगी।