{"vars":{"id": "130921:5012"}}

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का आज से आगाज, पहले दिन कौन-कौन भारतीय खिलाड़ी उतरेंगे? जानें पूरा शेड्यूल
 

 

ग्लास्गो (स्कॉटलैंड)। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का आगाज आज गुरुवार से स्कॉटलैंड के ग्लास्गो में हो रहा है। 23 जुलाई से 2 अगस्त तक चलने वाले इन खेलों में 74 देशों और क्षेत्रों के करीब 3,000 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इस बार 10 खेलों में कुल 215 स्वर्ण पदकों के लिए मुकाबले होंगे। भारत 125 सदस्यीय दल के साथ मैदान में उतरेगा और उसके अभियान की शुरुआत पहले ही दिन लॉन बॉल्स से होगी। वहीं भारतीय समयानुसार रात 10:30 बजे ग्लास्गो के ओवो हाइड्रो एरीना में रंगारंग उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा।

23 जुलाई से 2 अगस्त तक होंगे मुकाबले

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का आयोजन 23 जुलाई से 2 अगस्त तक ग्लास्गो में किया जा रहा है। इस बार खेलों का स्वरूप पहले के मुकाबले छोटा रखा गया है और केवल 10 खेलों को शामिल किया गया है। इसके बावजूद दुनिया भर के 74 देशों और क्षेत्रों के शीर्ष खिलाड़ी पदकों के लिए अपनी चुनौती पेश करेंगे।

भारत 19वीं बार ले रहा है हिस्सा

भारत इस बार 19वीं बार कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा ले रहा है। भारतीय दल ने पहली बार 1934 में इन खेलों में भाग लिया था। पिछले संस्करण बर्मिंघम 2022 में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 61 पदक अपने नाम किए थे। इस बार भी भारतीय टीम से बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद है।

पहले दिन भारत का पूरा कार्यक्रम

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत का पहला मुकाबला लॉन बॉल्स में होगा। पुरुष और महिला दोनों वर्गों में भारतीय खिलाड़ी ग्रुप स्टेज मैच खेलेंगे।

समय (भारतीय समयानुसार) प्रतियोगिता
दोपहर 2:00 बजे पुरुष सिंगल्स ग्रुप स्टेज (लॉन बॉल्स)
दोपहर 2:00 बजे महिला पेयर्स ग्रुप स्टेज (लॉन बॉल्स)
रात 10:30 बजे ओपनिंग सेरेमनी

लॉन बॉल्स में फिर पदक की उम्मीद

भारत के लिए लॉन बॉल्स अब सिर्फ एक नया खेल नहीं बल्कि पदक दिलाने वाला खेल बन चुका है। बर्मिंघम 2022 में भारतीय महिला टीम ने इतिहास रचते हुए इस खेल में देश का पहला स्वर्ण पदक जीता था। लवली चौबे, पिंकी, नयनमोनी सैकिया और रूपा रानी तिर्की की चौकड़ी ने फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराया था। वहीं भारतीय पुरुष फोर्स टीम ने भी रजत पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया था। ऐसे में इस बार भी भारतीय खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

पहली बार पूरी तरह इंडोर होगी ओपनिंग सेरेमनी

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की ओपनिंग सेरेमनी 23 जुलाई को ग्लास्गो के प्रसिद्ध ओवो हाइड्रो एरीना में आयोजित होगी। यह कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास की पहली ऐसी ओपनिंग सेरेमनी होगी, जो पूरी तरह किसी इंडोर एरीना में आयोजित की जाएगी।

ओपनिंग सेरेमनी

  • तारीख: 23 जुलाई 2026

  • समय: रात 10:30 बजे (IST)

  • स्थान: ओवो हाइड्रो एरीना, ग्लास्गो

  • खासियत: कॉमनवेल्थ गेम्स की पहली पूरी तरह इंडोर उद्घाटन समारोह

इस बार भारत के लिए चुनौती क्यों ज्यादा कठिन?

भारत के लिए इस बार पदकों की राह पहले से ज्यादा मुश्किल मानी जा रही है। इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि इस संस्करण में बैडमिंटन, टेबल टेनिस और शूटिंग जैसे वे खेल शामिल नहीं हैं, जिनमें भारत पारंपरिक रूप से सबसे ज्यादा पदक जीतता रहा है।

हालांकि एथलेटिक्स, मुक्केबाजी, भारोत्तोलन, जूडो और लॉन बॉल्स में भारत के कई मजबूत दावेदार मौजूद हैं। इन खेलों में बेहतर प्रदर्शन भारत की पदक संख्या तय करेगा।

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: भारत का 125 सदस्यीय दल

एथलेटिक्स

नीरज चोपड़ा (भाला फेंक), तेजस्विन शंकर (डेकाथलॉन, हाई जंप), गुरिंदरवीर सिंह (100 मीटर), अनिमेष कुजूर (200 मीटर), पारुल चौधरी (3000 मीटर स्टीपलचेज, 5000 मीटर), मुरली श्रीशंकर (लॉन्ग जंप), पूजा सिंह (हाई जंप), मनप्रीत कौर (शॉटपुट), सीमा कालीरामना (डिस्कस थ्रो), निधि रानी (डिस्कस थ्रो), सर्वेश कुशारे (हाई जंप), प्रवीण चित्रावेल (ट्रिपल जंप), सेल्वा प्रभु (ट्रिपल जंप), लोकेश सत्यानाथन (लॉन्ग जंप), रवीना (रेस वॉक), प्रियंका गोस्वामी (रेस वॉक), रशदीप कौर (400 मीटर), नीरू पाठक (400 मीटर), अंसा बाबू (400 मीटर), तेजस शिर्से (110 मीटर बाधा दौड़), यशस पलाक्षा (400 मीटर बाधा दौड़), संतोष टी (400 मीटर बाधा दौड़), देव मीणा (पोल वॉल्ट), कुलदीप कुमार (पोल वॉल्ट), रोहित यादव (भाला फेंक), यशवीर सिंह (भाला फेंक), विशाल टीके (400 मीटर), राजेश रमेश (400 मीटर), तजिंदरपाल सिंह तूर (शॉटपुट), समरदीप सिंह गिल (शॉटपुट), आदर्श राम (हाई जंप)।

मुक्केबाजी

साक्षी चौधरी (51 किग्रा), जैसमीन लाम्बोरिया (57 किग्रा), प्रीति पवार (54 किग्रा), प्रिया घंघास (60 किग्रा), परवीन हुड्डा (65 किग्रा), अरुंधति चौधरी (70 किग्रा), लवलीना बोरगोहेन (75 किग्रा), जादूमणि सिंह (55 किग्रा), सचिन सिवाच (60 किग्रा), आदित्य प्रताप सिंह (65 किग्रा), सुमित कुंडू (70 किग्रा), अंकुश (80 किग्रा), कपिल पोखरिया (90 किग्रा), नरेंद्र बरवाल (+90 किग्रा)।

भारोत्तोलन

मीराबाई चानू, ज्ञानेश्वरी देवी, बिंदियारानी देवी, हरजिंदर कौर, संजना, मार्टिना देवी, ऋषिकांत सिंह, एम. राजा, अजया बाबू, दिलबाग सिंह, लवप्रीत सिंह।

ट्रैक साइक्लिंग

रोनाल्डो सिंह, डेविड बेकहम, रोजित सिंह, दिनेश कुमार, जेमेश सिंह, हर्षवीर सेखों।

तैराकी

अनीश गौड़ा, साजन प्रकाश, श्रीहरि नटराज, आर्यन नेहरा, धर्शन शशिकुमार।

जूडो

श्रद्धा चोपड़े (52 किग्रा), अस्मित डे (48 किग्रा), तुलिका मान (+78 किग्रा), इनुंगनबी (70 किग्रा), इशरूप नारंग (78 किग्रा), यामिनी मौर्य (57 किग्रा), उन्नति शर्मा (63 किग्रा), अवतार सिंह (+100 किग्रा), यश घंघास (100 किग्रा), अरुण कुमार (73 किग्रा), करणजीत सिंह मान (90 किग्रा), रोहित (66 किग्रा), हर्ष तोकस (81 किग्रा), हर्ष सिंह (60 किग्रा)।

लॉन बॉल्स

पिंकी, नयनमोनी सैकिया, रूपा रानी तिर्की, दिनेश कुमार, नवनीत सिंह, पुतुल सोनोवाल।

आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स

प्रणति नायक, निशिका अग्रवाल, ईशिता रेवाले, प्रतिष्ठा सामंता, तपन मोहंती, सत्यजीत मंडल, तपस्वेरा नाथ, स्वातिश कैथेरी।

पैरा एथलेटिक्स

शर्मिला, देवेंद्र कुमार, राकेशभाई भट्ट, दिलीप गावित, शुभम जुयाल, शिल्पा शायला, सोमन राणा, बेसिल, राकेश शनमुगम, सागर थ्यात।

पैरा पावरलिफ्टिंग

श्रेयांश त्रिवेदी, जसप्रीत कौर, सुमन देवी, कस्तूरी राजामणि, परमजीत, अशोक कुमार, झंडू कुमार, सुधीर।

पैरा तैराकी

रवि वीरा, अली इमाम, सुयश जाधव, स्वास्तिक पाटिल, चैतन्य कुलकर्णी, तेजस नंदकुमार।

व्हीलचेयर बास्केटबॉल

रीना गुप्ता, रीता चानू, मीनाक्षी जाधव, लक्ष्मी रायप्पा, लिशा दास।