{"vars":{"id": "130921:5012"}}

क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव के घर गूंजी किलकारी, आई नन्ही परी, पत्नी देविशा ने बेटी को दिया जन्म

 

भारतीय क्रिकेट टीम के टी20 कप्तान सूर्या कुमाप यादव (Suryakumar Yadav) के घर खुशियों ने दस्तक दी है। सूर्या और उनकी पत्नी देविशा शेट्टी (Devisha Shetty) माता-पिता बन गए हैं। देविशा ने एक प्यारी बेटी को जन्म दिया है। परिवार में नन्ही परी के आने के बाद दोनों के घर जश्न का माहौल है और फैंस भी सोशल मीडिया पर लगातार शुभकामनाएं दे रहे हैं।

हाल ही में सूर्यकुमार यादव ने अपनी कप्तानी में भारतीय टीम को टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब दिलाया था। मैदान पर अपने 360 डिग्री शॉट्स के लिए मशहूर सूर्या अब जिंदगी के नए चरण में प्रवेश कर चुके हैं। क्रिकेट के मैदान पर धुआंधार बल्लेबाजी करने वाले इस स्टार खिलाड़ी के घर आई खुशी ने उनके फैंस को भी उत्साहित कर दिया है।

सूर्यकुमार और देविशा की लव स्टोरी भी काफी दिलचस्प रही है। दोनों की मुलाकात मुंबई के एक कॉलेज में हुई थी। कॉलेज के दिनों में देविशा को डांस का काफी शौक था। बताया जाता है कि एक परफॉर्मेंस के दौरान सूर्या पहली बार देविशा से प्रभावित हुए थे। दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदली और दोनों ने साल 2016 में शादी कर ली।


 
मार्च 2026 में देविशा शेट्टी के बेबी शॉवर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में दोनों परिवार और दोस्तों के साथ नजर आए थे। तभी से फैंस इस खुशखबरी का इंतजार कर रहे थे। अब बेटी के जन्म के साथ परिवार की खुशियां दोगुनी हो गई हैं।

वहीं दूसरी ओर आईपीएल 2026 में Mumbai Indians का प्रदर्शन अब तक निराशाजनक रहा है। टीम ने 10 मुकाबलों में सिर्फ 3 जीत दर्ज की हैं। मुंबई इंडियंस को अपना अगला मुकाबला 10 मई को Royal Challengers Bengaluru के खिलाफ रायपुर में खेलना है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सूर्यकुमार यादव टीम के साथ रायपुर नहीं गए हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि वह पारिवारिक कारणों से इस मुकाबले में हिस्सा नहीं लेंगे। हालांकि फ्रेंचाइजी की ओर से अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।