{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी के ताज गैंजेज में गूंजेंगी शहनाइयां, आज शादी के बंधन में बधेंगे क्रिकेटर आकाशदीप और अक्षिता

 

भारतीय टेस्ट क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाशदीप बुधवार को वाराणसी में विवाह बंधन में बंधने जा रहे हैं। आकाशदीप रोहतास निवासी अक्षिता के साथ होटल ताज गैंजेज में सात फेरे लेंगे। शादी को लेकर दोनों परिवारों में उत्साह का माहौल है और तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इससे पहले बिहार के सासाराम में मेहंदी और अन्य पारंपरिक रस्में संपन्न हुईं। अब वाराणसी में आयोजित होने वाले इस भव्य विवाह समारोह में राजनीति, खेल और सामाजिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।

खेल और राजनीति जगत की हस्तियां होंगी शामिल

आकाशदीप भारतीय क्रिकेट में अपनी शानदार गेंदबाजी के दम पर खास पहचान बना चुके हैं। उनके विवाह समारोह में कई विशिष्ट अतिथियों के पहुंचने की चर्चा है। हालांकि, भारतीय क्रिकेट टीम इस समय इंग्लैंड दौरे पर होने के कारण टीम इंडिया के अधिकांश खिलाड़ी समारोह में शामिल नहीं हो पाएंगे।

शादी के बाद मुंबई में होगा रिसेप्शन

परिवार के करीबी सूत्रों के अनुसार, वाराणसी में विवाह समारोह के बाद मुंबई में एक भव्य रिसेप्शन का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में क्रिकेट, फिल्म और कॉर्पोरेट जगत से जुड़े कई नामचीन लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।

नई पारी की शुरुआत

क्रिकेट के मैदान पर अपनी तेज गेंदबाजी से बल्लेबाजों को चुनौती देने वाले आकाशदीप अब अपने जीवन की नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। वाराणसी में होने वाला यह विवाह समारोह खेल प्रेमियों और उनके प्रशंसकों के बीच भी चर्चा का विषय बना हुआ है।