Cristiano Ronaldo Marriage: जॉर्जिना रोड्रिगेज के साथ शादी के बंधन में बंधे क्रिस्टियानो रोनाल्डो, 2016 में शुरू हुई थी लव स्टोरी
Cristiano Ronaldo Marriage: दुनिया के दिग्गज फुटबॉलरों में शुमार क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अपनी निजी जिंदगी में एक नई शुरुआत की है। लंबे समय से पार्टनर रहीं जॉर्जिना रोड्रिगेज के साथ रोनाल्डो ने शादी कर ली है। दोनों ने 11 अगस्त को सोशल मीडिया पर शादी की तस्वीर शेयर कर फैंस को यह खुशखबरी दी। तस्वीर में दोनों के हाथों में शादी की अंगूठियां नजर आ रही हैं और कैप्शन में सिर्फ “C G” लिखा गया है।
हालांकि, कपल ने शादी समारोह की अन्य तस्वीरें अभी सार्वजनिक नहीं की हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शादी पुर्तगाल के लिस्बन के पास स्थित खूबसूरत कोस्टल रिसॉर्ट कास्काइस में हुई। रोनाल्डो की पब्लिक रिलेशन एजेंसी ब्रंसविक ग्रुप के मुताबिक, समारोह को बेहद निजी रखा गया था। शादी में रोनाल्डो और जॉर्जिना के पांचों बच्चे भी मौजूद रहे।
एक साल पहले हुई थी सगाई, अब शादी
रोनाल्डो और जॉर्जिना की शादी ऐसे समय में हुई है, जब पिछले कुछ समय से दोनों के रिश्ते को लेकर अलग-अलग तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। शादी की खबर सामने आने के साथ ही इन चर्चाओं पर विराम लग गया है।
जॉर्जिना ने अगस्त 2025 में अपनी सगाई की घोषणा की थी। इसके ठीक एक साल बाद दोनों ने शादी कर ली। 41 वर्षीय रोनाल्डो और 32 वर्षीय जॉर्जिना लंबे समय से एक साथ हैं और दोनों की जोड़ी दुनिया के सबसे चर्चित सेलिब्रिटी कपल में शामिल रही है।
2016 में शुरू हुई थी रोनाल्डो-जॉर्जिना की प्रेम कहानी
क्रिस्टियानो रोनाल्डो और जॉर्जिना रोड्रिगेज की पहली मुलाकात 2016 में मैड्रिड में हुई थी। उस समय जॉर्जिना एक गुच्ची स्टोर में काम करती थीं। मुलाकात के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और जल्द ही उनका रिश्ता सुर्खियों में आने लगा।
जनवरी 2017 में ज्यूरिख में आयोजित द बेस्ट फीफा फुटबॉल अवॉर्ड्स समारोह के दौरान दोनों पहली बार सार्वजनिक तौर पर एक साथ नजर आए। इसके बाद उनका रिश्ता लगातार चर्चा में रहा।
जॉर्जिना की नेटफ्लिक्स सीरीज ‘आई एम जॉर्जिना’ में भी दोनों की प्रेम कहानी और पारिवारिक जिंदगी की कई झलकियां देखने को मिलीं। रोनाल्डो ने इस सीरीज में बताया था कि शुरुआत में उन्हें अंदाजा नहीं था कि जॉर्जिना के साथ उनका रिश्ता इतना गहरा हो जाएगा, लेकिन समय के साथ उन्हें एहसास हुआ कि वह उनकी जिंदगी की बेहद खास शख्स हैं।
पांच बच्चों के साथ पूरा हुआ परिवार
रोनाल्डो और जॉर्जिना की दो बेटियां अलाना और बेला हैं। इसके अलावा जॉर्जिना, रोनाल्डो के सबसे बड़े बेटे क्रिस्टियानो जूनियर और जुड़वां बच्चों ईवा मारिया और माटेओ की परवरिश में भी अहम भूमिका निभाती हैं। शादी समारोह में पांचों बच्चों की मौजूदगी ने इस खास मौके को और यादगार बना दिया।
वर्ल्ड कप में भी दिखा था रोनाल्डो का जलवा
शादी से पहले रोनाल्डो फुटबॉल के मैदान पर भी सुर्खियों में रहे। वह फीफा वर्ल्ड कप 2026 में पुर्तगाल की टीम के लिए खेलते नजर आए थे। टूर्नामेंट में उन्होंने क्रोएशिया के खिलाफ नॉकआउट मुकाबले में गोल करके एक खास रिकॉर्ड भी अपने नाम किया था।