{"vars":{"id": "130921:5012"}}

मेसी का सपना या एमबाप्पे की चुनौती? FIFA World Cup 2026 के सेमीफाइनल में भिड़ेंगे फुटबॉल के चार सबसे बड़े दिग्गज

FIFA World Cup 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले तय हो गए हैं। अर्जेंटीना और इंग्लैंड ने क्वार्टर फाइनल जीतकर स्पेन और फ्रांस के साथ अंतिम चार में जगह बनाई। पहली बार फीफा रैंकिंग की शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंची हैं। जानिए पूरा शेड्यूल, रिकॉर्ड और चारों टीमों की ताकत।
 

FIFA World Cup 2026: फीफा विश्व कप 2026 अब अपने सबसे रोमांचक दौर में पहुंच चुका है। रविवार को अर्जेंटीना ने स्विट्जरलैंड को 3-1 और इंग्लैंड ने नॉर्वे को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। इसके साथ ही विश्व कप के अंतिम चार की तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है। अब खिताब की दौड़ में अर्जेंटीना, स्पेन, फ्रांस और इंग्लैंड आमने-सामने होंगे।

सबसे खास बात यह रही कि विश्व कप इतिहास में पहली बार फीफा विश्व रैंकिंग की शीर्ष चार टीमें एक साथ सेमीफाइनल में पहुंची हैं। वहीं यह तीसरा मौका है जब अंतिम चार में पहुंचने वाली सभी टीमें पहले भी विश्व कप चैंपियन रह चुकी हैं।

अर्जेंटीना फिर खिताब की दौड़ में सबसे मजबूत दावेदार

स्विट्जरलैंड पर 3-1 की जीत के साथ मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना लगातार दूसरा विश्व कप जीतने से अब सिर्फ दो जीत दूर है। अगर टीम खिताब बचाने में सफल रहती है तो वह 1958 और 1962 में ब्राजील के बाद लगातार दो विश्व कप जीतने वाली दूसरी टीम बन जाएगी।

कप्तान लियोनेल मेसी शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने इस विश्व कप में अब तक 8 गोल दागे हैं और गोल्डन बूट की दौड़ में सबसे आगे हैं। विश्व कप इतिहास में उनके कुल गोलों की संख्या भी 21 तक पहुंच चुकी है।

फ्रांस के पास एमबापे की रफ्तार और चैंपियन का अनुभव

2018 की विश्व चैंपियन और 2022 की उपविजेता फ्रांस एक बार फिर खिताब की मजबूत दावेदार मानी जा रही है। कप्तान किलियन एमबापे भी मेसी के बराबर 8 गोल कर चुके हैं और बेहतरीन लय में हैं।

कोच डिडिएर डेशांप्स के पास खिलाड़ी और कोच दोनों रूपों में विश्व कप जीतने का अनुभव है, जो फ्रांस के लिए सबसे बड़ी ताकत माना जा रहा है।

स्पेन का दमदार डिफेंस और यमाल का जादू

2010 की विश्व चैंपियन स्पेन इस टूर्नामेंट की सबसे संतुलित टीमों में शामिल है। क्वार्टर फाइनल तक टीम ने एक भी गोल नहीं खाया था। युवा स्टार लामिने यमाल की तेज रफ्तार और आक्रामक खेल स्पेन की सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरे हैं। इसी टीम ने 2024 यूरो कप भी अपने नाम किया था।

इंग्लैंड की नजर 60 साल पुराने इंतजार को खत्म करने पर

इंग्लैंड ने नॉर्वे को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई और अब उसकी नजर 1966 के बाद पहला विश्व कप जीतने पर है। कप्तान हैरी केन और युवा स्टार जूड बेलिंघम दोनों छह-छह गोल के साथ गोल्डन बूट की दौड़ में बने हुए हैं।

इतिहास रचने वाला सेमीफाइनल

इस बार का सेमीफाइनल कई मायनों में ऐतिहासिक माना जा रहा है। पहली बार फीफा रैंकिंग की शीर्ष चार टीमें अंतिम चार में पहुंची हैं। साथ ही सभी टीमें पहले विश्व कप चैंपियन रह चुकी हैं, जिससे मुकाबले और भी रोमांचक होने की उम्मीद है।

World Cup 2026 Semifinal Schedule

15 जुलाई

स्पेन vs फ्रांस
समय: रात 12:30 बजे (भारतीय समय)

16 जुलाई

अर्जेंटीना vs इंग्लैंड
समय: रात 12:30 बजे (भारतीय समय)

खिताब की जंग हुई और भी रोमांचक

अब विश्व कप 2026 अपने निर्णायक मोड़ पर है। एक ओर मेसी अर्जेंटीना को लगातार दूसरा विश्व कप दिलाने के मिशन पर हैं, तो दूसरी तरफ एमबापे, यमाल और हैरी केन अपनी-अपनी टीमों को इतिहास रचाने की कोशिश करेंगे। ऐसे में दोनों सेमीफाइनल मुकाबले फुटबॉल प्रशंसकों के लिए किसी फाइनल से कम नहीं होंगे।