ICC का बड़ा अपडेट: 2027 वर्ल्ड कप क्वालिफायर की तारीखें तय, वेस्टइंडीज की राह मुश्किल
Mumbai : अगले साल होने वाले ICC पुरुष वनडे वर्ल्ड कप 2027 को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने विश्व कप क्वालिफायर की तारीखों का ऐलान कर दिया है। 10 टीमों के बीच खेला जाने वाला यह क्वालिफायर 22 फरवरी से 23 मार्च 2027 तक आयोजित होगा।
हालांकि, ICC ने अभी तक क्वालिफायर मुकाबलों के वेन्यू की घोषणा नहीं की है। इस बार वनडे वर्ल्ड कप नए फॉर्मेट में खेला जाएगा, जिसमें 14 टीमें हिस्सा लेंगी।
नए फॉर्मेट में होगा टूर्नामेंट
क्वालिफायर से सफल टीमों को मुख्य टूर्नामेंट में जगह मिलेगी। वहीं क्वालिफायर में दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों के बीच 'सुपर सीरीज' खेली जाएगी, जो विश्व कप के पहले चरण का हिस्सा होगी। इस चरण में सफल टीम आगे के दौर में प्रवेश करेगी।
तीन देशों में होगा विश्व कप
2027 वनडे वर्ल्ड कप का आयोजन दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में होगा। टूर्नामेंट 4 अक्टूबर से 21 नवंबर 2027 तक खेला जाएगा।
- कुल 12 स्टेडियम में मुकाबले होंगे।
- 8 वेन्यू दक्षिण अफ्रीका में होंगे।
- 3 वेन्यू जिम्बाब्वे में होंगे।
- 1 वेन्यू नामीबिया में होगा।
कौन खेलेगा क्वालिफायर?
क्वालिफायर में कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें शामिल होंगी—
- 30 सितंबर 2026 तक ODI रैंकिंग में सबसे नीचे की दो फुल मेंबर टीमें (दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे को छोड़कर),
- ICC Cricket World Cup League 2 की शीर्ष चार टीमें,
- World Cup Qualifier Playoff की शीर्ष चार टीमें।
वेस्टइंडीज की बढ़ी चिंता
दो बार की विश्व चैंपियन वेस्टइंडीज पर एक बार फिर क्वालिफायर खेलने का खतरा मंडरा रहा है। 2023 वनडे विश्व कप में भी कैरेबियाई टीम मुख्य टूर्नामेंट के लिए क्वालिफाई नहीं कर सकी थी।
फिलहाल टीम ODI रैंकिंग में 10वें स्थान पर है। 30 सितंबर की कट-ऑफ तारीख से पहले वेस्टइंडीज को भारत के खिलाफ केवल दो वनडे मैच खेलने हैं। इसके अलावा अफगानिस्तान-आयरलैंड वनडे सीरीज के नतीजे भी उनकी स्थिति पर असर डाल सकते हैं। ऐसे में कैरेबियाई टीम के लिए आने वाले मुकाबले बेहद अहम माने जा रहे हैं।