{"vars":{"id": "130921:5012"}}

IND vs AFG: रोहित-कोहली की वापसी, पंत बाहर! अफगानिस्तान सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान

अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट और ODI सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान हो गया है। रोहित शर्मा और विराट कोहली की वापसी हुई है, जबकि ऋषभ पंत ODI टीम से बाहर हो गए। जसप्रीत बुमराह को आराम दिया गया है और कई युवा खिलाड़ियों को पहली बार मौका मिला है।

 

IND vs AFG: आईपीएल 2026 के खत्म होते ही टीम इंडिया अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करेगी। जून महीने में भारत और अफगानिस्तान के बीच एक टेस्ट मैच और तीन मैचों की ODI सीरीज खेली जाएगी। इस सीरीज के लिए भारतीय चयन समिति ने मंगलवार को गुवाहाटी में हुई बैठक के बाद टेस्ट और वनडे दोनों टीमों का ऐलान कर दिया।

भारतीय स्क्वाड में कई बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। जहां रोहित शर्मा और विराट कोहली की वनडे टीम में वापसी हुई है, वहीं ऋषभ पंत को ODI टीम से बाहर कर दिया गया है। इसके अलावा तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को पूरी सीरीज से आराम दिया गया है।

टेस्ट टीम की कमान शुभमन गिल के हाथों में

अफगानिस्तान के खिलाफ 6 जून से न्यू चंडीगढ़ में खेले जाने वाले एकमात्र टेस्ट मैच के लिए शुभमन गिल को कप्तानी सौंपी गई है। वहीं केएल राहुल को टीम का उपकप्तान बनाया गया है। इससे पहले टेस्ट टीम की उपकप्तानी ऋषभ पंत के पास थी।

हालांकि पंत टेस्ट टीम में अपनी जगह बचाने में सफल रहे, लेकिन वनडे टीम से उनका नाम गायब रहा। चयनकर्ताओं ने विकेटकीपर के तौर पर ईशान किशन को मौका दिया है।

बुमराह को दिया गया आराम, शमी फिर बाहर

भारतीय टीम प्रबंधन ने इंग्लैंड दौरे को ध्यान में रखते हुए जसप्रीत बुमराह को पूरी सीरीज से आराम दिया है। चयनकर्ताओं का मानना है कि उनके वर्कलोड को संतुलित रखना जरूरी है।

वहीं अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को एक बार फिर नजरअंदाज किया गया है। मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने साफ कहा कि चयन समिति ने इस बार शमी के नाम पर चर्चा तक नहीं की।

युवा खिलाड़ियों की खुली किस्मत

इस सीरीज में कई युवा खिलाड़ियों को पहली बार भारतीय टीम में मौका मिला है। टेस्ट टीम में मानव सुथार को पहली बार शामिल किया गया है। वहीं गुरनूर बराड़ और हर्ष दुबे दोनों फॉर्मेट में जगह बनाने में सफल रहे हैं।

वनडे टीम में प्रिंस यादव को पहली बार मौका मिला है। चयनकर्ताओं ने युवा खिलाड़ियों को मौका देकर भविष्य की टीम तैयार करने के संकेत दिए हैं।

2018 के बाद भारत-अफगानिस्तान टेस्ट मुकाबला

भारत और अफगानिस्तान के बीच यह 2018 के बाद पहला टेस्ट मैच होगा। अफगानिस्तान ने 2018 में बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में भारत के खिलाफ अपना पहला आधिकारिक टेस्ट मैच खेला था। उस मुकाबले में टीम इंडिया ने एक पारी और 262 रन से बड़ी जीत दर्ज की थी।

अफगानिस्तान दौरे का पूरा शेड्यूल
6 जून: पहला टेस्ट, न्यू चंडीगढ़ (सुबह 9:30 बजे)
14 जून: पहला ODI, धर्मशाला (दोपहर 1:30 बजे)
17 जून: दूसरा ODI, लखनऊ (दोपहर 1:30 बजे)
20 जून: तीसरा ODI, चेन्नई (दोपहर 1:30 बजे)


टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम

शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), साई सुदर्शन, ऋषभ पंत, देवदत्त पडिक्कल, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे और ध्रुव जुरेल।

ODI सीरीज के लिए भारतीय टीम

शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, नितीश रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बराड़ और हर्ष दुबे।