{"vars":{"id": "130921:5012"}}

IND vs ENG: 76 रन पर ढही टीम इंडिया, इंग्लैंड ने 125 रन से रौंदा, टT20 इतिहास की सबसे शर्मनाक हार

IND vs ENG 3rd T20 Highlights: इंग्लैंड ने भारत को 125 रन से हराकर टी20 इतिहास की सबसे बड़ी हार दी। टीम इंडिया 202 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सिर्फ 76 रन पर ऑलआउट हो गई। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में लगातार खराब प्रदर्शन जारी है।
 

IND vs ENG: इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में भारतीय टीम का प्रदर्शन पूरी तरह निराशाजनक रहा। 202 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया महज 11.4 ओवर में 76 रन पर ऑलआउट हो गई। इसके साथ ही इंग्लैंड ने 125 रन के विशाल अंतर से जीत दर्ज कर पांच मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली। यह रनों के लिहाज से भारत की टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अब तक की सबसे बड़ी हार है।

भारतीय बल्लेबाजी शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। आक्रामक शुरुआत की कोशिश के बावजूद पहला विकेट गिरते ही पूरी बल्लेबाजी ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। टीम के केवल चार बल्लेबाज ही दहाई के आंकड़े तक पहुंच सके, जबकि कोई भी बल्लेबाज 13 रन से अधिक नहीं बना सका। वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन ने सबसे अधिक 13-13 रन बनाए।

टी20 इतिहास में पहली बार 100+ रन से हारा भारत

यह पहली बार है जब भारतीय टीम को टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 से अधिक रन के अंतर से हार का सामना करना पड़ा है। इससे पहले भारत की सबसे बड़ी हार 2019 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 80 रन से हुई थी। वहीं 2026 में दक्षिण अफ्रीका ने भी भारत को 76 रन से हराया था, लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ मिली 125 रन की हार ने सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए।

श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टीम का खराब दौर लगातार जारी है। आयरलैंड के खिलाफ 0-2 से सीरीज हारने के बाद अब इंग्लैंड के खिलाफ भी टीम लगातार संघर्ष करती दिख रही है। पांच मैचों की इस सीरीज में अब दो मुकाबले शेष हैं, ऐसे में भारत अधिकतम सीरीज बराबर कर सकता है, लेकिन जीत नहीं सकता।

लगातार पांच टी20 मैचों से जीत नहीं

ब्रिटेन दौरा भारतीय टीम के लिए अब तक बेहद खराब साबित हुआ है। टीम पहली बार लगातार पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में जीत दर्ज नहीं कर सकी है। इस दौरान चार मुकाबलों में हार मिली, जबकि एक मैच बारिश के कारण बेनतीजा रहा। इससे पहले भारत को लगातार अधिकतम चार टी20 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा था।

इंग्लैंड के गेंदबाजों का कहर

इंग्लैंड की जीत में तेज गेंदबाजों ने अहम भूमिका निभाई। जोश टंग ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके, जबकि जोफ्रा आर्चर ने तीन विकेट अपने नाम किए। आदिल राशिद ने दो और विल जैक्स ने एक विकेट लेकर भारतीय बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।

फिल सॉल्ट की तूफानी पारी से बना बड़ा स्कोर

इससे पहले टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 201 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज फिल सॉल्ट ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों में 70 रन बनाए, जिसमें सात चौके और तीन छक्के शामिल रहे। उनके अलावा सैम करन ने नाबाद 41 रन, जोस बटलर ने 36, हैरी ब्रूक ने 16, विल जैक्स ने 14 और जैकब बेथेल ने 13 रन का योगदान दिया।

भारत की ओर से प्रिंस यादव और हर्षित राणा ने दो-दो विकेट लिए, जबकि अक्षर पटेल को एक सफलता मिली। अब सीरीज का चौथा मुकाबला गुरुवार को ब्रिस्टल में खेला जाएगा, जहां भारतीय टीम सम्मान बचाने और सीरीज बराबर करने की उम्मीद के साथ मैदान में उतरेगी।