{"vars":{"id": "130921:5012"}}

शादी के बाद भगवान का आशीर्वाद लेने वृन्दावन पहुंचे कुलदीप यादव, बांके बिहारी के किए दर्शन

 

Lucknow : भारतीय क्रिकेट टीम के स्पिनर कुलदीप यादव शादी के बाद पहली बार अपनी पत्नी वंशिका चड्ढा के साथ वृन्दावन पहुंचे। यहां उन्होंने बांके बिहारी मंदिर में दर्शन कर भगवान को 56 भोग अर्पित किया और नवविवाहित जीवन की शुरुआत का आशीर्वाद लिया।

जानकारी के अनुसार, कुलदीप यादव और वंशिका मंगलवार शाम करीब 7 बजे मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिर के सेवायत गोस्वामी ने उन्हें माला, दुपट्टा और प्रसाद देकर स्वागत किया।

बताया जा रहा है कि कुलदीप यादव की शादी इसी महीने 14 मार्च को मसूरी में उनकी बचपन की दोस्त वंशिका चड्ढा के साथ हुई थी। शादी समारोह में कई क्रिकेटर और खास मेहमान शामिल हुए थे, जबकि 17 मार्च को आयोजित रिसेप्शन में भी कई वीआईपी अतिथि पहुंचे थे।

जल्द दिल्ली कैपिटल्स कैंप से जुड़ेंगे

कुलदीप यादव जल्द ही इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के लिए अपनी टीम दिल्ली कैपिटल्स के कैंप से जुड़ेंगे। फ्रेंचाइजी ने उन्हें इस सीजन के लिए 13.25 करोड़ रुपये में रिटेन किया है। दिल्ली कैपिटल्स का पहला मुकाबला 1 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ लखनऊ में खेला जाएगा।

आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय रिकॉर्ड

31 वर्षीय कुलदीप यादव के आईपीएल करियर की बात करें तो उन्होंने 98 मैचों में 102 विकेट लिए हैं। दिल्ली कैपिटल्स से जुड़ने से पहले वह 2016 से 2020 तक कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेल चुके हैं।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कुलदीप यादव भारत के लिए 17 टेस्ट, 120 वनडे और 54 टी20 मैच खेल चुके हैं, जिसमें उनके नाम क्रमशः 76, 194 और 95 विकेट दर्ज हैं।