{"vars":{"id": "130921:5012"}}

राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025: 17 खिलाड़ियों को अर्जुन अवॉर्ड, तीन को द्रोणाचार्य सम्मान
 

 

नई दिल्ली। युवा मामले और खेल मंत्रालय ने मंगलवार को राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 की घोषणा कर दी। अलग-अलग खेलों में शानदार प्रदर्शन करने वाले 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार के लिए चुना गया है। इसके अलावा तीन कोच को द्रोणाचार्य पुरस्कार और दो को द्रोणाचार्य पुरस्कार (लाइफटाइम) के लिए चयनित किया गया है।

भारत के उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) अरुण कुमार मिश्रा की अध्यक्षता वाली चयन समिति की सिफारिशों के आधार पर सरकार ने विभिन्न श्रेणियों में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और संस्थाओं को सम्मानित करने का निर्णय लिया है।

17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार

अर्जुन पुरस्कार 2025 के लिए एथलेटिक्स, बैडमिंटन, मुक्केबाजी, शतरंज, हॉकी, कबड्डी, पैरा-शूटिंग, पैरा एथलेटिक्स, रोइंग और शूटिंग सहित विभिन्न खेलों के 17 खिलाड़ियों का चयन किया गया है।

अर्जुन पुरस्कार 2025 पाने वाले खिलाड़ी:

  • तेजस्विन शंकर — एथलेटिक्स
  • मोहम्मद अजमल वी — एथलेटिक्स
  • प्रियंका गोस्वामी — एथलेटिक्स
  • त्रिशा जॉली — बैडमिंटन
  • गायत्री गोपीचंद — बैडमिंटन
  • नरेंद्र — मुक्केबाजी
  • विदित गुजराती — शतरंज
  • दिव्या देशमुख — शतरंज
  • धनुष श्रीकांत — पैरा शूटिंग
  • लालरेमसियामी — हॉकी
  • राजकुमार पाल — हॉकी
  • सुजीत — कबड्डी
  • पूजा — कबड्डी
  • रुद्रांश खंडेलवाल — पैरा-शूटिंग
  • एकता भ्यान — पैरा एथलेटिक्स
  • अरविंद सिंह — रोइंग
  • अखिल श्योरण — शूटिंग

अर्जुन पुरस्कार उन खिलाड़ियों को दिया जाता है, जिन्होंने पिछले चार वर्षों में खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ नेतृत्व, खेल भावना और अनुशासन का प्रदर्शन किया हो।

टी. अरुमैनायगम को अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम)

अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम) 2025 के लिए फुटबॉल के टी. अरुमैनायगम का चयन किया गया है। यह सम्मान उन खिलाड़ियों को दिया जाता है जिन्होंने अपने खेल करियर के दौरान योगदान देने के साथ-साथ संन्यास के बाद भी किसी न किसी रूप में खेलों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

तीन कोच को द्रोणाचार्य पुरस्कार

द्रोणाचार्य पुरस्कार 2025 के लिए तीन प्रशिक्षकों का चयन किया गया है। इनमें एथलेटिक्स के परवीर सिंह, मुक्केबाजी के छोटे लाल यादव और शूटिंग की नेहा नंदकुमार चव्हाण शामिल हैं।

यह पुरस्कार उन प्रशिक्षकों को दिया जाता है जिन्होंने लगातार उत्कृष्ट कार्य किया और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए तैयार किया।

दो कोच को द्रोणाचार्य पुरस्कार (लाइफटाइम)

द्रोणाचार्य पुरस्कार (लाइफटाइम) 2025 के लिए धर्मेंद्र सिंह यादव (मुक्केबाजी) और वीरेंद्र कुमार (कुश्ती) का चयन किया गया है।

आर्मी पैरालंपिक नोड, पुणे को राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार

राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार 2025 के लिए आर्मी पैरालंपिक नोड, पुणे का चयन किया गया है। यह सम्मान उन संस्थाओं, कॉरपोरेट संगठनों और गैर-सरकारी संस्थानों को दिया जाता है, जिन्होंने देश में खेलों के विकास और प्रोत्साहन में महत्वपूर्ण योगदान दिया हो।