{"vars":{"id": "130921:5012"}}

ऋषभ पंत ने छोड़ी LSG की कप्तानी, फ्रेंचाइजी ने स्वीकार किया इस्तीफा
 

 

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की फ्रेंचाइजी लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि टीम के कप्तान ऋषभ पंत ने अपनी कप्तानी छोड़ने का अनुरोध किया था। फ्रेंचाइजी ने उनके इस अनुरोध को तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है।

LSG प्रबंधन ने ऋषभ पंत के नेतृत्व और टीम के प्रति उनके समर्पण की सराहना करते हुए उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया है। फ्रेंचाइजी ने कहा कि कप्तान के रूप में पंत ने टीम को मजबूती प्रदान करने और खिलाड़ियों के बीच सकारात्मक माहौल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस संबंध में LSG के क्रिकेट निदेशक टॉम मूडी ने कहा, “ऋषभ ने फ्रेंचाइजी से संपर्क कर कप्तानी छोड़ने की इच्छा जताई थी और हमने सम्मानपूर्वक उनके अनुरोध को स्वीकार कर लिया है। ऐसे फैसले लेना कभी आसान नहीं होता। कप्तान के रूप में ऋषभ ने इस ड्रेसिंग रूम और टीम संस्कृति में जो योगदान दिया है, उसके लिए हम उनके आभारी हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि अब फ्रेंचाइजी का पूरा ध्यान टीम के पुनर्निर्माण और पुनर्गठन पर है, ताकि आने वाले सीज़न में टीम बेहतर प्रदर्शन कर सके और उच्चतम मानकों तक पहुंच सके।

ऋषभ पंत के इस फैसले के बाद अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि लखनऊ सुपर जायंट्स अगले कप्तान के रूप में किस खिलाड़ी को जिम्मेदारी सौंपती है।