{"vars":{"id": "130921:5012"}}

IPL 2026 शेड्यूल पर सस्पेंस खत्म, BCCI जल्द जारी करेगा पहले 20 दिनों का कार्यक्रम

 

Mumbai : आईपीएल 2026 के शेड्यूल को लेकर चर्चा तेज है। पहले कहा जा रहा था कि टी20 विश्व कप फाइनल के दिन (रविवार, 8 मार्च) क्लोजिंग सेरेमनी से पहले लीग के आगामी सीजन का शेड्यूल जारी कर दिया जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सचिव देवजीत सैकिया ने शेड्यूल को लेकर बड़ा अपडेट दिया है।

IANS से बात करते हुए BCCI सचिव ने कहा कि हम 12 मार्च तक आईपीएल 2026 का शेड्यूल जारी करने की योजना बना रहे हैं। फिलहाल, हम पहले 20 दिनों का शेड्यूल जारी करेंगे। पहले सामने आई कुछ रिपोर्ट्स में बताया गया था कि शेड्यूल को दो चरण में जारी किया जाएगा। आईपीएल गवर्निंग काउंसिल ने पहले हाफ का शेड्यूल क्लियर कर दिया है। हालांकि, अभी सिर्फ शुरुआती 20 दिनों का ही शेड्यूल जारी किया जाएगा।

चुनाव के कारण हो रही देरी

शेड्यूल जारी करने में देरी का मुख्य कारण राज्य स्तर पर होने वाले विधानसभा चुनाव हैं। इस साल पश्चिम बंगाल, असम और तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव होने हैं। इन तीनों राज्यों में आईपीएल के मुकाबले खेले जाएंगे। चुनाव आयोग की गाइडलाइंस और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए शेड्यूल को अलग-अलग चरण में जारी किया जा रहा है।

कब से हो सकती है लीग की शुरुआत?

कुछ समय पहले आई रिपोर्ट्स में बताया गया था कि आईपीएल 2026 की शुरुआत 28 मार्च से हो सकती है और खिताबी मुकाबला 31 मई को खेला जा सकता है। पहले तारीखें 26 मार्च से 30 मई के बीच बताई जा रही थीं। असल तारीख तो आधिकारिक शेड्यूल जारी होने के बाद ही सामने आएगी।