T20 WC 2026: सेमीफाइनल की सीट चाहिए तो जिम्बाब्वे को इतने रन से हराना जरूरी, वरना NRR कर देगा खेल खत्म!
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में सोमवार को खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे को 107 रनों से करारी शिकस्त दी। इस धमाकेदार जीत के साथ वेस्टइंडीज ने न सिर्फ दो अहम अंक हासिल किए, बल्कि नेट रन रेट (NRR) में भी जबरदस्त उछाल दर्ज किया।
वेस्टइंडीज का NRR अब +5.350 पहुंच गया है, जिससे टीम पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर पहुंच गई है। वहीं साउथ अफ्रीका दूसरे स्थान पर खिसक गई है। इस समीकरण ने भारतीय टीम की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया का अभी तक सुपर-8 में खाता नहीं खुला है। पहले मुकाबले में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 76 रनों की हार के बाद भारत का नेट रन रेट -3.800 हो गया है। ऐसे में अब भारत के लिए टॉप-2 में जगह बनाना आसान नहीं रह गया है।
भारत गुरुवार, 26 फरवरी को जिम्बाब्वे के खिलाफ अपना दूसरा सुपर-8 मुकाबला खेलेगा। इस मैच में टीम इंडिया की नजर सिर्फ जीत पर नहीं, बल्कि बड़े अंतर से जीत दर्ज कर नेट रन रेट सुधारने पर भी होगी।
अगर भारत पहले बल्लेबाजी करता है, तो उसे जिम्बाब्वे को कम से कम 77 रनों से हराना होगा, तभी उसका NRR पॉजिटिव हो सकेगा। वहीं यदि टीम को लक्ष्य का पीछा करना पड़ा, तो रन रेट का गणित और भी जटिल हो जाएगा।
सेमीफाइनल की उम्मीदें जिंदा रखने के लिए भारत को अपने दोनों बचे हुए मुकाबले जीतने के साथ-साथ अन्य टीमों के नतीजों पर भी नजर रखनी होगी। अब देखना होगा कि टीम इंडिया दबाव में कैसा प्रदर्शन करती है और क्या वह टूर्नामेंट में वापसी कर पाती है या नहीं।