U19 Asia Cup: अंडर-19 क्रिकेट के फाइनल में पहुंची भारतीय टीम, अब पाकिस्तान से होगी भीड़ंत
भारत ने अंडर-19 एशिया कप के सेमीफाइनल में अफगानिस्तान को आठ विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली। कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने 93 रन की शानदार पारी खेली, जबकि आर्यवीर सहवाग और वीके विनीत ने अर्धशतक लगाए। अब खिताबी मुकाबले में भारत का सामना पाकिस्तान से होगा।
भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में जगह बना ली है। गुरुवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने अफगानिस्तान को आठ विकेट से हराया। कप्तान लक्ष्य रायचंदानी की 93 रन की शानदार पारी के अलावा आर्यवीर सहवाग और वीके विनीत के अर्धशतकों ने भारत की जीत आसान कर दी। अब खिताबी मुकाबले में भारतीय टीम का सामना पाकिस्तान से होगा।
ओमान के अल अमीरात में खेले गए इस मुकाबले में अफगानिस्तान ने भारत के सामने 228 रन का लक्ष्य रखा था। भारतीय बल्लेबाजों ने इसे आसानी से हासिल कर लिया। पाकिस्तान ने भी गुरुवार को दूसरे सेमीफाइनल में बांग्लादेश को नौ विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
लक्ष्य रायचंदानी ने खेली 93 रन की कप्तानी पारी
228 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को कप्तान लक्ष्य रायचंदानी और आर्यवीर सहवाग ने मजबूत शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 17 ओवर में 117 रन की साझेदारी की। लक्ष्य ने 90 गेंदों पर 93 रन बनाए। उनकी पारी में 13 चौके और एक छक्का शामिल रहा।
लक्ष्य ने शुरुआत से ही आत्मविश्वास के साथ बल्लेबाजी की और 39 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। मोहम्मद अली की गेंद पर पुल शॉट लगाकर वह 49 रन तक पहुंचे और अगली गेंद पर एक रन लेकर अपना पचासा पूरा किया।
दूसरी ओर आर्यवीर सहवाग ने 56 गेंदों पर 51 रन बनाए। उनकी पारी में चार छक्के शामिल रहे। उन्होंने नूर अली की गेंद पर छक्का लगाकर अर्धशतक पूरा किया, लेकिन अगली ही गेंद पर आउट हो गए। पुल शॉट खेलने के प्रयास में वह अतिरिक्त उछाल से चूक गए और फरीदुल्लाह एहसास ने कवर पर उनका कैच लपक लिया।
वीके विनीत ने भी जड़ा अर्धशतक
आर्यवीर के आउट होने के बाद लक्ष्य रायचंदानी ने वीके विनीत के साथ पारी को आगे बढ़ाया। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 77 रन की साझेदारी हुई, जिससे भारत की जीत लगभग तय हो गई।
विनीत ने 61 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने नूर अली की लगातार गेंदों पर चौका और छक्का लगाकर भारतीय टीम को जीत दिला दी।
लक्ष्य रायचंदानी अपने पहले यूथ वनडे शतक से सिर्फ सात रन दूर रह गए। वह सोहेल खान की गेंद पर एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से शॉट खेलने के प्रयास में कैच दे बैठे। हालांकि, तब तक भारतीय टीम जीत के बेहद करीब पहुंच चुकी थी।
फाइनल में पाकिस्तान से होगा मुकाबला
भारत की जीत के साथ ही अंडर-19 एशिया कप का फाइनल मुकाबला तय हो गया है। पाकिस्तान ने दूसरे सेमीफाइनल में बांग्लादेश को नौ विकेट से हराकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया।
अब फाइनल में भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे। भारतीय टीम के पास इस मुकाबले में पिछली हार का हिसाब चुकता करने का मौका होगा। भारत को 2025 अंडर-19 एशिया कप के फाइनल और इस साल के ग्रुप चरण में पाकिस्तान के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।