अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026: वैभव सूर्यवंशी का फिर धमाका, जिम्बाब्वे के खिलाफ ठोका ताबड़तोड़ अर्धशतक
New Delhi : अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-6 चरण में मंगलवार को भारत और जिम्बाब्वे के बीच खेले गए मुकाबले में भारतीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर अपनी शानदार फॉर्म का प्रदर्शन किया। 14 वर्षीय वैभव ने इस मैच में तेजतर्रार अर्धशतक जड़ते हुए टीम इंडिया को मजबूत शुरुआत दिलाई।
सुपर-6 चरण के पहले मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने 30 गेंदों में 52 रन की आक्रामक पारी खेली, जिसमें उन्होंने 4 चौके और 4 छक्के लगाए। यह इस टूर्नामेंट में उनकी तीसरी अर्धशतकीय पारी रही।
24 गेंदों में पूरा किया पचासा
वैभव सूर्यवंशी ने मात्र 24 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया था। हालांकि वह अपनी इस पारी को बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके। जब वैभव आउट हुए, उस समय भारतीय टीम का स्कोर 101 रन पर 3 विकेट था।
टीम इंडिया ने पहले 10 ओवर में ही 99 रन बना लिए थे, लेकिन 11वें ओवर में जिम्बाब्वे के गेंदबाज टाटेंडा चिमूगोरो ने मैच में वापसी कराते हुए कप्तान आयुष म्हात्रे (21 रन) और फिर वैभव सूर्यवंशी को उसी ओवर में पवेलियन भेज दिया।
शानदार ओपनिंग साझेदारी
वैभव सूर्यवंशी ने आरोन जॉर्ज के साथ मिलकर भारतीय पारी को आक्रामक शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 25 गेंदों में 44 रन की साझेदारी हुई।
वैभव सूर्यवंशी ने अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में अब तक 5 पारियों में 218 रन बना लिए हैं, जिसमें 3 अर्धशतक शामिल हैं। उनकी निरंतरता भारतीय बल्लेबाजी क्रम की बड़ी ताकत बनकर उभरी है।
सुपर-6 में भी अजेय भारत
भारतीय टीम अब तक अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में अजेय रही है। ग्रुप B में भारत ने अपने सभी तीन मुकाबले जीतते हुए न्यूजीलैंड, बांग्लादेश और अमेरिका को हराकर सुपर-6 में टॉप स्थान हासिल किया था।
गौरतलब है कि भारत अंडर-19 वर्ल्ड कप इतिहास की सबसे सफल टीम है। टीम इंडिया अब तक 5 बार विश्व चैंपियन बन चुकी है, जबकि ऑस्ट्रेलिया 4 खिताब के साथ दूसरे स्थान पर है।