IPL 2026 से पहले वैभव का धमाका- 2000-3000 रन का टारगेट सेट!
Mumbai : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL) के शुरू होने से पहले राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अपने बयान को लेकर चर्चा में आ गए हैं। महज 14 साल के इस बल्लेबाज ने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह इस सीजन में 2000 से 3000 रन बनाना चाहेंगे। हालांकि उनका यह बयान हल्के-फुल्के अंदाज में दिया गया, लेकिन इससे उनका आत्मविश्वास जरूर झलकता है।
राजस्थान रॉयल्स के एक कार्यक्रम में जब वैभव से उनके रन टारगेट के बारे में पूछा गया तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि अगर कोई बल्लेबाज से यह सवाल पूछेगा तो वह 2000 या 3000 रन बनाने की ही बात करेगा। उनके इस जवाब पर वहां मौजूद लोग भी मुस्कुरा उठे, क्योंकि एक सीजन में इतने रन बनाना लगभग असंभव माना जाता है।
रिकॉर्ड नहीं, ट्रॉफी पर नजर
वैभव ने यह भी साफ किया कि व्यक्तिगत रिकॉर्ड से ज्यादा उनका असली लक्ष्य राजस्थान रॉयल्स को IPL 2026 का खिताब दिलाने में योगदान देना है। उनका कहना है कि टीम की सफलता सबसे ज्यादा अहम है।
पिछले सीजन में किया था शानदार प्रदर्शन
युवा बल्लेबाज ने IPL 2025 में अपने प्रदर्शन से सबका ध्यान खींचा था। उन्होंने 7 मैचों में 252 रन बनाए और खास तौर पर Gujarat Titans के खिलाफ सिर्फ 35 गेंदों में शतक जड़कर इतिहास रच दिया था। इसके साथ ही वह टी20 क्रिकेट में सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले बल्लेबाज बने थे।
यशस्वी के साथ ओपनिंग की संभावना
इस सीजन वैभव केयशस्वी जयसवाल के साथ पारी की शुरुआत करने की संभावना जताई जा रही है। अगर ऐसा होता है, तो राजस्थान रॉयल्स को एक बेहद आक्रामक ओपनिंग जोड़ी मिल सकती है। वहीं टीम की कप्तानी इस बार रियान पराग के हाथों में है, ऐसे में युवा खिलाड़ियों पर खास नजर रहेगी।
राजस्थान रॉयल्स इस सीजन अपना पहला मैच 30 मार्च 2026 को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेलेगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि मजाक में 2000-3000 रन की बात करने वाले वैभव सूर्यवंशी मैदान पर कैसा प्रदर्शन करते हैं।