वाराणसी: 30 जून से सजेगा ओलंपियन विवेक सिंह हॉकी टूर्नामेंट, पहली बार UP कॉलेज के टर्फ पर होगा आयोजन
वाराणसी। ओलंपियन विवेक सिंह प्राइजमनी हॉकी टूर्नामेंट की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए विभिन्न टीमों को आमंत्रण पत्र भेजे जा चुके हैं। पहली बार यह सात दिवसीय प्रतियोगिता यूपी कॉलेज के नवनिर्मित हॉकी टर्फ पर आयोजित की जाएगी।
आयोजन सचिव एवं पूर्व ओलंपियन राहुल सिंह ने बताया कि इस बार प्रतियोगिता में कुल 12 टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें वाराणसी की चार स्थानीय टीमों के अलावा देश के विभिन्न राज्यों से आने वाली आठ टीमें शामिल होंगी। उन्होंने कहा कि स्थानीय खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का भरपूर अवसर दिया जाएगा।
राहुल सिंह ने बताया कि यह प्रतियोगिता अब तक शिवपुर मिनी स्टेडियम में आयोजित होती रही है, लेकिन वहां निर्माण कार्य चलने के कारण इस वर्ष आयोजन स्थल को बदलकर यूपी कॉलेज कर दिया गया है।
अखिल भारतीय स्तर की यह सेवेन-ए-साइड सांध्यकालीन हॉकी प्रतियोगिता 30 जून से 7 जुलाई तक आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता को लेकर जिले के खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल है। वाराणसी के खिलाड़ी विभिन्न मैदानों पर कड़ी मेहनत कर रहे हैं। खिलाड़ी लालपुर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम, गंगापुर और हरहुआ मैदान में नियमित अभ्यास कर रहे हैं।
आयोजकों को उम्मीद है कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर मिलेगा, जिससे उनकी प्रतिभा को नई पहचान मिलेगी।