जिसे कोई नहीं कर पाया, वो Messi ने कर दिखाया! बना दिया 6 वर्ल्ड कप खेलने का विश्व रिकॉर्ड
लियोनेल मेसी ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 में इतिहास रच दिया। अल्जीरिया के खिलाफ मैदान पर उतरते ही वह 6 अलग-अलग वर्ल्ड कप खेलने वाले दुनिया के पहले फुटबॉलर बन गए। साथ ही उन्होंने अर्जेंटीना के लिए अपना 200वां इंटरनेशनल मैच भी खेला।
Messi World Cup Record: फुटबॉल की दुनिया में लियोनेल मेसी ने एक बार फिर ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है, जिसे अब तक कोई खिलाड़ी हासिल नहीं कर सका था। फीफा वर्ल्ड कप 2026 में अल्जीरिया के खिलाफ मुकाबले में मैदान पर उतरते ही अर्जेंटीना के कप्तान ने इतिहास रच दिया। मेसी अब छह अलग-अलग फीफा वर्ल्ड कप खेलने वाले दुनिया के पहले फुटबॉलर बन गए हैं।
अल्जीरिया मैच में बना ऐतिहासिक रिकॉर्ड
कंसास सिटी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में जैसे ही लियोनेल मेसी अर्जेंटीना की शुरुआती एकादश का हिस्सा बनकर मैदान पर उतरे, उनके नाम एक नया विश्व रिकॉर्ड दर्ज हो गया। इसके साथ ही उन्होंने अर्जेंटीना के लिए अपना 200वां इंटरनेशनल मैच भी खेला, जो उनके शानदार करियर का एक और बड़ा पड़ाव है।
कई दिग्गजों को छोड़ा पीछे
इससे पहले जर्मनी के लोथार मैथाउस और मैनुएल नोयर, मेक्सिको के राफेल मार्केज, आंद्रेस गार्डाडो और एंटोनियो कार्बाजाल पांच-पांच वर्ल्ड कप खेलने का रिकॉर्ड साझा कर रहे थे।
अब मेसी ने इन सभी दिग्गज खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए अकेले इस उपलब्धि पर कब्जा जमा लिया है। हालांकि पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो भी इस वर्ल्ड कप में अपना छठा टूर्नामेंट खेलकर इस रिकॉर्ड की बराबरी कर सकते हैं, लेकिन फिलहाल यह उपलब्धि सिर्फ मेसी के नाम है।
2022 वर्ल्ड कप में दिलाया था खिताब
मेसी का वर्ल्ड कप करियर शानदार उपलब्धियों से भरा रहा है। 2022 कतर वर्ल्ड कप में उन्होंने सात गोल किए थे और फाइनल में फ्रांस के खिलाफ दो गोल दागकर अर्जेंटीना को यादगार जीत दिलाई थी।
पेनल्टी शूटआउट में भी मेसी ने पहला सफल शॉट लगाकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। इसी जीत के साथ अर्जेंटीना ने 1986 के बाद पहली बार फीफा वर्ल्ड कप ट्रॉफी अपने नाम की थी।
इंटरनेशनल करियर के आंकड़े भी शानदार
अर्जेंटीना की जर्सी में मेसी का रिकॉर्ड लगातार मजबूत होता गया है। अब तक खेले गए 200 इंटरनेशनल मुकाबलों में उन्होंने 118 गोल किए हैं, जबकि 64 गोल में असिस्ट देकर टीम की सफलता में योगदान दिया है। वर्ल्ड कप में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा है। मेसी ने अब तक 27 वर्ल्ड कप मैचों में 14 गोल और 8 असिस्ट दर्ज किए हैं।