{"vars":{"id": "130921:5012"}}

जो भी करना पड़े, करूंगा… विराट कोहली का बड़ा ऐलान, 2027 वर्ल्ड कप होगा आखिरी; लक्ष्य सिर्फ ट्रॉफी
 

 

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने अपने अंतरराष्ट्रीय भविष्य को लेकर बड़ा बयान दिया है। पूर्व भारतीय कप्तान ने साफ कर दिया है कि 2027 वनडे वर्ल्ड कप भारत के लिए उनका आखिरी विश्व कप होगा। कोहली ने कहा कि उनका पूरा ध्यान इस टूर्नामेंट में भारत को चैंपियन बनाने पर है और इसके लिए वह अपना सबकुछ झोंकने को तैयार हैं।

37 वर्षीय कोहली फिलहाल वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज की तैयारी कर रहे हैं। सीरीज का पहला मुकाबला रविवार, 27 सितंबर को तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा। विराट और रोहित शर्मा दोनों को इस सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है।

‘भारत के लिए मेरा आखिरी वर्ल्ड कप’

जियोस्टार से बातचीत में विराट कोहली ने कहा कि 2027 का वनडे वर्ल्ड कप भारत के लिए उनका आखिरी विश्व कप होगा और यही उनके लिए सबसे बड़ी प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य विश्व कप जीतना है और इसके लिए जो भी जरूरी होगा, वह करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

2027 वनडे वर्ल्ड कप का आयोजन दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में अक्टूबर-नवंबर में होगा। यह विराट कोहली के करियर का पांचवां वनडे वर्ल्ड कप होगा। इससे पहले वह 2011, 2015, 2019 और 2023 विश्व कप में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। 2011 में वह विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे, जबकि 2023 में भारत को फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हार का सामना करना पड़ा था।

अब खुलकर बल्लेबाजी करना चाहते हैं कोहली

कोहली ने अपनी बल्लेबाजी और मानसिकता में आए बदलाव पर भी बात की। उनका कहना है कि करियर के इस दौर में वह ज्यादा स्वतंत्रता के साथ खेलना चाहते हैं और इस बात की चिंता नहीं करना चाहते कि लोग उनसे क्या उम्मीद कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भारतीय टीम में कई ऐसे खिलाड़ी मौजूद हैं जो मुश्किल परिस्थितियों को संभालना जानते हैं। इसलिए अब वह खुद को मैदान पर खुलकर अभिव्यक्त करने और लगातार उसी मानसिकता के साथ खेलने पर ध्यान देना चाहते हैं।

सिर्फ वनडे क्रिकेट खेल रहे हैं विराट

विराट कोहली टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और फिलहाल भारत के लिए केवल वनडे प्रारूप में खेल रहे हैं। उनके नाम वनडे क्रिकेट में 14,941 रन और रिकॉर्ड 54 शतक दर्ज हैं। वनडे में उनसे अधिक रन केवल सचिन तेंदुलकर ने बनाए हैं।