19 साल के दामाद को 35 वर्षीय सास से हुआ प्यार, 5 बच्चों की मां से शादी की जिद पर अड़ा युवक
मैनपुरी। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में सास-दामाद के प्रेम संबंध का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां 19 वर्षीय युवक अपनी 35 वर्षीय सास से शादी करना चाहता है। महिला पांच बच्चों की मां है। दोनों के रिश्ते की जानकारी परिजनों को हुई तो विवाद खड़ा हो गया और मामला पुलिस थाने तक पहुंच गया। पुलिस ने युवक को उसकी पत्नी और बच्चों के भविष्य का हवाला देकर समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा। महिला भी युवक से शादी करने की इच्छा जता रही है।
पत्नी और बच्चों के भविष्य का दिया हवाला
जानकारी के अनुसार, युवक कुरावली थाना क्षेत्र के गांव सोनई अशोकपुर का निवासी है, जबकि महिला घिरोर थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है। परिजन दोनों को लेकर थाने पहुंचे थे। पुलिसकर्मियों ने जब युवक से महिला के बारे में पूछा तो उसने बताया कि वह उसकी सास है और वह उससे शादी करना चाहता है।
पुलिस ने युवक को समझाया कि इस रिश्ते का असर दोनों परिवारों और कई लोगों की जिंदगी पर पड़ सकता है। इस पर युवक ने कथित तौर पर कहा कि वह अपनी सास से ही शादी करेगा और उसे परिवार के विरोध की परवाह नहीं है।
पत्नी को फैसला लेने की आजादी देने की बात
पुलिसकर्मियों ने जब युवक से पूछा कि सास से शादी के बाद उसकी पत्नी का क्या होगा, तो उसने कहा कि उसकी पत्नी चाहे तो उनके साथ रह सकती है और अगर उसे यह रिश्ता मंजूर नहीं है तो वह अलग रहने के लिए स्वतंत्र है।
वहीं, महिला के बच्चों को लेकर पूछे जाने पर युवक ने कहा कि जो बच्चे उसे पिता के रूप में स्वीकार करना चाहते हैं, उनका स्वागत है। जो उसे स्वीकार नहीं करना चाहते, वे अपने फैसले के लिए स्वतंत्र हैं। उसने महिला के सबसे छोटे बच्चे की देखभाल पिता की तरह करने की बात भी कही।
पति की मौत के बाद बढ़ीं नजदीकियां
बताया जा रहा है कि महिला के पति की करीब दो साल पहले मौत हो चुकी है। वह अपने पांच बच्चों के साथ रह रही थी। बेटी की शादी के बाद दामाद का घर आना-जाना बढ़ा और इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं।
पिछले करीब दो महीने से दोनों परिजनों को साथ रहने और अपने रिश्ते को स्वीकार करने के लिए समझा रहे थे। हाल ही में दोनों एक रिश्तेदार के यहां पहुंचे, जहां परिजनों को उनके संबंधों की जानकारी हुई। महिला के बच्चों और रिश्तेदारों ने विरोध किया, जिसके बाद कहासुनी और हंगामा शुरू हो गया। मामला बढ़ने पर पुलिस को सूचना दी गई।