{"vars":{"id": "130921:5012"}}

यूपी के 29 पीसीएस अधिकारियों का प्रमोशन, बने IAS, देर रात जारी हुई प्रमोशन लिस्ट

 

उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए 29 पीसीएस अधिकारियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में पदोन्नत कर दिया। पदोन्नति पाने वाले अधिकारियों में अपर आयुक्त, एडीएम, सचिव, विशेष सचिव, विकास प्राधिकरणों के अधिकारी और अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी शामिल हैं। इस फैसले के बाद प्रदेश के कई जिलों और विभागों में प्रशासनिक स्तर पर बदलाव होना तय माना जा रहा है।

प्रमोशन का लाभ मुख्य रूप से वर्ष 2010 और 2011 बैच के पीसीएस अधिकारियों को मिला है। सूची में डॉ. विश्राम, पुष्पराज सिंह, विवेक श्रीवास्तव, योगानंद पांडेय, अमित कुमार, डॉ. सुनील कुमार वर्मा, गरिमा स्वरूप, संदीप कुमार, राकेश कुमार पटेल सहित कई अधिकारियों के नाम शामिल हैं। इन्हें जल्द ही नई जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।

इन अधिकारियों को मिला प्रमोशन

प्रमोशन पाने वाले प्रमुख अधिकारियों में डॉ. विश्राम (अपर आयुक्त, मिर्जापुर), अशोक कुमार कनौजिया (जॉइंट डायरेक्टर, युवा कल्याण), पुष्पराज सिंह (सचिव, गोरखपुर विकास प्राधिकरण), विवेक श्रीवास्तव (सचिव, लखनऊ विकास प्राधिकरण), योगानंद पांडेय (एडीएम सिटी, अयोध्या), अमित कुमार (अपर आयुक्त, मेरठ), पूनम निगम (डिप्टी सेक्रेटरी, यूपीपीएससी), डॉ. नितिन मदान, डॉ. सुनील कुमार वर्मा, गरिमा स्वरूप, संदीप कुमार और राकेश कुमार पटेल समेत कुल 29 अधिकारियों को आईएएस कैडर में शामिल किया गया है।

इन अधिकारियों का नाम सूची से गायब

हालांकि, जिन अधिकारियों के प्रमोशन की चर्चा पहले से चल रही थी, उनमें से कुछ को इस बार पदोन्नति नहीं मिल सकी। इनमें 2002 बैच की पीसीएस अधिकारी अंजू कटियार का नाम शामिल नहीं है। इसके अलावा हरिश चंद्र, प्रभूनाथ, अमर पाल सिंह, आलोक वर्मा, डॉ. वैभव शर्मा और विश्वभूषण मिश्रा को भी इस सूची में जगह नहीं मिली।

पेपर लीक मामले में चर्चा में रही थीं अंजू कटियार

2002 बैच की पीसीएस अधिकारी अंजू कटियार वर्ष 2018 में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) में परीक्षा नियंत्रक के पद पर तैनात थीं। उसी दौरान एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा का पेपर लीक होने का मामला सामने आया था। इस प्रकरण में कथित संलिप्तता के आरोप में यूपी एसटीएफ ने मई 2019 में उन्हें गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया था। करीब आठ महीने जेल में रहने के बाद वर्ष 2020 में इलाहाबाद हाईकोर्ट से उन्हें जमानत मिली और बाद में सेवा में बहाल कर दिया गया।

राकेश कुमार पटेल भी बने IAS

2010 बैच के पीसीएस अधिकारी राकेश कुमार पटेल को भी प्रमोशन का लाभ मिला है। वर्तमान में वह लखनऊ मंडल में अपर आयुक्त (न्यायिक) के पद पर तैनात हैं। इससे पहले वह प्रतापगढ़ में मुख्य राजस्व अधिकारी (CRO) और कासगंज में अपर जिलाधिकारी (ADM) के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। लंबे प्रशासनिक अनुभव और बेहतर कार्यशैली के आधार पर उन्हें भारतीय प्रशासनिक सेवा में पदोन्नत किया गया है।

प्रदेश सरकार के इस फैसले को प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उम्मीद है कि जल्द ही इन अधिकारियों की नई तैनाती और जिम्मेदारियों को लेकर आदेश भी जारी किए जाएंगे।