50 ग्राम का ‘अंगूरदाना’ और 5 किलो का ‘गजानन’ बना आम महोत्सव का स्टार
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में शुक्रवार से शुरू हुए तीन दिवसीय आम महोत्सव में देश-विदेश की विभिन्न प्रजातियों के आमों की शानदार प्रदर्शनी देखने को मिली। महोत्सव का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया।
महोत्सव में चारों ओर आम की खुशबू, रंग-बिरंगे फलों से सजे स्टॉल और मोबाइल से अलग-अलग किस्मों के आमों के साथ सेल्फी लेते लोगों की भीड़ देखने को मिली। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक इस अनोखे आयोजन का आनंद लेते नजर आए।
इस दौरान मलिहाबाद के आम उत्पादक उपेंद्र कुमार सिंह के स्टॉल ने सबसे ज्यादा लोगों का ध्यान आकर्षित किया। उनके स्टॉल पर महज 50 ग्राम वजन वाला ‘अंगूरदाना’ आम और चार से पांच किलो तक वजन वाला विशाल ‘गजानन’ आम लोगों के लिए कौतूहल का विषय बना रहा।
लोग जहां छोटे से अंगूरदाना आम को हथेली पर रखकर तस्वीरें खिंचवा रहे थे, वहीं गजानन आम को दोनों हाथों से उठाकर फोटो क्लिक करवा रहे थे। आम के आकार में इतना बड़ा अंतर देखकर लोग हैरान भी नजर आए।
आम महोत्सव में विभिन्न प्रजातियों के आमों के साथ-साथ आम से बने उत्पादों की भी प्रदर्शनी लगाई गई है, जो आगंतुकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।