{"vars":{"id": "130921:5012"}}

प्रदेश में 65 अनुदेशकों के तबादले, नई तैनाती का आदेश जारी; यहां देखें पूरी लिस्ट
 

 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के अंतर्गत कार्यरत 65 अनुदेशकों के स्थानांतरण का आदेश जारी किया है। शासन की ओर से जारी इस आदेश के तहत प्रदेश के विभिन्न राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में कार्यरत अनुदेशकों की नई तैनाती तय की गई है।

संयुक्त सचिव मनोज वर्मा द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि प्रशिक्षण निदेशालय की संस्तुति और शासन स्तर पर विचार-विमर्श के बाद स्थानांतरण प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया गया। सूची में वेल्डर, फिटर, इलेक्ट्रिशियन, कोपा (COPA), आरएसी, ड्राफ्ट्समैन, इंजीनियरिंग ड्राइंग, मैकेनिक ट्रैक्टर, फैशन डिजाइन टेक्नोलॉजी समेत विभिन्न व्यवसायों से जुड़े अनुदेशक शामिल हैं।

शासन द्वारा जारी सूची के अनुसार कई अनुदेशकों को एक जनपद से दूसरे जनपद में स्थानांतरित किया गया है। वहीं, कुछ मामलों में पूर्व में जारी स्थानांतरण आदेशों को निरस्त करते हुए नई तैनाती भी प्रदान की गई है।

स्थानांतरण सूची में मुजफ्फरनगर, बरेली, गोरखपुर, आगरा, मेरठ, प्रयागराज, रायबरेली, शामली, अमरोहा, वाराणसी, मिर्जापुर और गाजीपुर सहित प्रदेश के अनेक जनपद शामिल हैं। शासन ने प्रशिक्षण निदेशक को निर्देश दिया है कि आदेश के अनुरूप आवश्यक अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

सरकार का कहना है कि यह कदम राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में मानव संसाधनों के संतुलित उपयोग तथा प्रशिक्षण व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुचारु बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है।