{"vars":{"id": "130921:5012"}}

665 नर्सिंग अधिकारियों को नियुक्ति पत्र, सीएम योगी बोले— 9 साल में 9 लाख युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
 

 

लखनऊ I योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ के लोकभवन में आयोजित एक कार्यक्रम में 665 नर्सिंग अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश में रोजगार, पारदर्शिता और आर्थिक विकास को लेकर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 9 वर्षों में राज्य सरकार ने करीब 9 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। उन्होंने दावा किया कि इन नियुक्तियों की पारदर्शिता और चयन प्रक्रिया पर कोई सवाल नहीं उठा सकता। सभी चयन मेरिट और आरक्षण के नियमों का पालन करते हुए किए गए हैं, जिसके चलते न्यायालय के हस्तक्षेप की आवश्यकता भी नहीं पड़ी।

उन्होंने 2017 से पहले की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय नियुक्ति प्रक्रियाएं बाधित रहती थीं, जबकि अब पारदर्शी व्यवस्था के कारण योग्य और प्रतिभाशाली युवाओं को अवसर मिल रहा है। सीएम योगी ने कहा कि यह युवा शक्ति प्रदेश के विकास में अहम भूमिका निभा रही है।

राज्य की आर्थिक स्थिति पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि जो उत्तर प्रदेश कभी ‘बीमारू राज्य’ माना जाता था, वह आज देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन चुका है। उन्होंने बताया कि प्रदेश अब रेवेन्यू सरप्लस की स्थिति में है और प्रति व्यक्ति आय में भी तीन गुना वृद्धि दर्ज की गई है।

मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति केवल अपराधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि भ्रष्टाचार के खिलाफ भी उतनी ही सख्ती से लागू है। उन्होंने कहा कि नियुक्ति प्रक्रियाओं में किसी भी प्रकार का मानव हस्तक्षेप न हो, इसके लिए विशेष ध्यान दिया गया है, जिससे पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी बनी रहे।

कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने चयनित नर्सिंग अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उनसे स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने में योगदान देने की अपील की।