UP में भाजपा सरकार के 9 साल: योगी आदित्यनाथ बोले—कानून व्यवस्था और विकास से बदली प्रदेश की पहचान
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी सरकार के नौ वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि बीते नौ वर्षों में यूपी ने विकास और सुशासन की नई मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश पहचान के संकट से जूझ रहा था, लेकिन अब उत्तर प्रदेश देश की विकास यात्रा में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने न सिर्फ कानून-व्यवस्था को मजबूत किया, बल्कि निवेश और रोजगार के नए अवसर भी पैदा किए। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश की बड़ी आबादी पलायन को मजबूर थी, लेकिन अब यूपी में ही लोगों को रोजगार और बेहतर जीवन की सुविधाएं मिल रही हैं।
लखनऊ स्थित लोकभवन में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान सरकार की नौ वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित वार्षिक पुस्तक का विमोचन भी किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून का राज स्थापित होने से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है और प्रदेश तेजी से आर्थिक प्रगति कर रहा है।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नौ साल पहले और आज के उत्तर प्रदेश की तुलना करने पर बड़ा अंतर साफ नजर आता है। उन्होंने कहा कि पहले खराब सड़कों और अव्यवस्थित बिजली व्यवस्था के कारण प्रदेश की छवि खराब थी। लोग मजाक में कहते थे कि जहां सड़कें टूटने लगें, समझ लो यूपी आ गया।
उन्होंने आगे कहा कि बिजली आपूर्ति की स्थिति भी बेहद खराब थी—कभी दिन में तो कभी रात में एक-एक सप्ताह बिजली आती थी। लेकिन अब प्रदेश में बिजली व्यवस्था में सुधार हुआ है और बुनियादी ढांचे में तेजी से विकास हुआ है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि 2017 में जनता ने “सेवा” करने वालों को मौका दिया और “मेवा” लेने वालों को सत्ता से बाहर किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता के भरोसे को कायम रखते हुए विकास और सुशासन पर लगातार काम किया है।
वहीं, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के नेता सत्ता से बाहर होने पर बार-बार अपना रुख बदलते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 2017 से पहले प्रदेश में माफिया और गुंडों का दबदबा था, लेकिन अब कानून का शासन स्थापित हो चुका है।
सरकार के नौ साल पूरे होने के मौके पर आयोजित यह कार्यक्रम प्रदेश की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का एक प्रयास माना जा रहा है। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा और देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देगा।