राज्य कर्मचारियों की एसीआर अब पूरी तरह ऑनलाइन और समयबद्ध, जानें पूरी प्रक्रिया
लखनऊ। राज्य सरकार ने कर्मचारियों की वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट (एसीआर) को अब पूरी तरह ऑनलाइन और समयबद्ध कर दिया है। नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग ने सभी कर्मचारियों के लिए स्पष्ट समय सीमा तय कर दी है, जिसके तहत समूह ‘क’, ‘ख’, ‘ग’ और ‘घ’ के अधिकारी-कर्मचारी मानव संपदा पोर्टल पर ही अपनी प्रविष्टियां भरेंगे।
प्रमुख सचिव एम. देवराज के अनुसार, नई व्यवस्था के तहत 30 अप्रैल तक वर्कफ्लो जनरेट होगा। समूह ‘क’, ‘ख’ और ‘ग’ के अधिकारी और कर्मचारी 31 मई तक स्वयं-मूल्यांकन भरेंगे, जबकि समूह ‘घ’ के कर्मचारियों की प्रविष्टि नियंत्रक अधिकारी द्वारा की जाएगी।
इसके बाद 31 जुलाई तक प्रतिवेदक, 30 सितंबर तक समीक्षक और 31 दिसंबर तक स्वीकर्ता प्राधिकारी अपनी टिप्पणियां दर्ज करेंगे। प्रतिकूल प्रविष्टियों के खिलाफ 15 फरवरी तक प्रत्यावेदन और 31 मार्च तक उसका निस्तारण सुनिश्चित होगा।
शासनादेश में ई-साइन और मोबाइल ओटीपी आधारित हस्ताक्षर प्रणाली को अनिवार्य किया गया है। तय समयसीमा में किसी स्तर द्वारा प्रक्रिया पूरी न करने पर प्रविष्टि अपने आप अगले स्तर पर फारवर्ड हो जाएगी। अंतिम समय सीमा के बाद प्रक्रिया स्वतः बंद मानी जाएगी।