{"vars":{"id": "130921:5012"}}

गंगा एक्सप्रेसवे उद्घाटन के बाद PM मोदी का विपक्ष पर जोरदार हमला, बोले— सपा विकास और नारी विरोधी, जानें बड़ी बातें
 

 

हरदोई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के हरदोई से 594 किलोमीटर लंबे एक्सेस-कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। करीब ₹36,230 करोड़ की लागत से बने इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से मेरठ और प्रयागराज के बीच यात्रा का समय 10-12 घंटे से घटकर लगभग 6 घंटे रह जाएगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह एक्सप्रेसवे मां गंगा का आशीर्वाद है और प्रदेश के विकास की नई लाइफलाइन बनेगा। उन्होंने कहा, “अब लोग कुछ ही घंटों में संगम पहुंच सकते हैं और काशी में बाबा के दर्शन कर वापस लौट सकते हैं।” उन्होंने इस परियोजना का नाम गंगा के नाम पर रखने के लिए यूपी सरकार की सराहना करते हुए कहा कि इसमें विकास और विरासत दोनों का दर्शन होता है।

पीएम मोदी ने कहा कि पहले यूपी को पिछड़ा और बीमारू राज्य कहा जाता था, लेकिन आज वही राज्य एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश को मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने के लिए युवाओं की क्षमता का उपयोग किया जा रहा है।

उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ दल विकास विरोधी और नारी विरोधी राजनीति कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने दावा किया कि देश में हो रहे चुनावों में भाजपा ऐतिहासिक जीत की ओर बढ़ रही है।

प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल में चल रहे मतदान का जिक्र करते हुए कहा कि इस बार वहां निर्भीक माहौल में वोटिंग हो रही है और बड़ी संख्या में लोग अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं, जो लोकतंत्र की मजबूती का प्रतीक है।

पीएम मोदी ने कहा कि अब वह दौर खत्म हो गया है जब परियोजनाएं वर्षों तक फाइलों में अटकी रहती थीं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार में शिलान्यास के साथ तय समय पर लोकार्पण भी सुनिश्चित होता है।

उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे न सिर्फ यूपी के एक छोर को दूसरे से जोड़ेगा, बल्कि एनसीआर की संभावनाओं को भी करीब लाएगा। यह परियोजना प्रदेश में आर्थिक गतिविधियों को नई गति देगी और विकास को नई दिशा देगी।